सीएम बोले-पानी का कोई विकल्प नहीं:पुष्कर में स्पीकर के साथ किया पौधारोपण, कहा-बिना जन सहयोग के कोई अभियान सफल नहीं होते

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुष्कर पहुंचे। जहां उन्होंने ब्रह्मा मंदिर में दर्शन पौधारोपण किया। इसके बाद 100 महिलाओं की कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाई। सीएम भजनलाल दोपहर 1 बजे पुष्कर पहुंचे। जहां पुष्कर विधायक और मंत्री सुरेश सिंह रावत समेत कई बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने जगत पिता ब्रह्मा मंदिर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सीएम के साथ विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, राज्यमंत्री ओमप्रकाश भड़ाना मौजूद रहे। इसके बाद सीएम वंदे गंगा जल संरक्षण के अभियान के तहत जनसभा स्थल पर पहुंचे। सीएम बोले-जल है तो कल है
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और जन सहयोग को अभियान की आत्मा बताते हुए कहा, 'जल है तो कल है। बिना जन भागीदारी कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।' उन्होंने पुष्कर के भौगोलिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यही वह स्थान है जहां लूणी नदी का उद्गम होता है, जो अरब सागर तक जाती है। उन्होंने पुष्करवासियों को सौभाग्यशाली बताया और तीर्थ गुरु पुष्कर के समग्र विकास का संकल्प दोहराया। ब्रह्मलोक कॉरिडोर के पहले चरण में 127 करोड़ के काम
मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलोक कॉरिडोर योजना की घोषणा करते हुए बताया कि प्रथम चरण में 127 करोड़ रुपए की लागत से घाटों का जीर्णोद्धार, सावित्री मंदिर से ब्रह्मा मंदिर तक और ब्रह्म चौक से वाराह घाट तक कॉरिडोर पथ का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, पुष्कर में वेडिंग टूरिज्म के बढ़ते रुझान को देखते हुए पर्यटन संरचना के विकास की दिशा में नए कदम उठाने की बात कही। दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट का उद्घाटन
इस दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दिव्यांगजनों और वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए जनसहयोग से निर्मित लिफ्ट का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंदिर के पुजारी लक्ष्मीनारायण वशिष्ठ ने उन्हें ब्रह्मा जी की तस्वीर भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मंत्री सुरेश सिंह रावत और ओमप्रकाश भड़ाना के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 24 घंटे ऑक्सीजन प्लांट संचालन की मांग
पुष्कर मेला मैदान में आयोजित सभा के दौरान मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए सरोवर की सफाई, जल स्रोतों की शुद्धता, अवैध होटलों पर कार्रवाई, और जलीय जीवों की सुरक्षा हेतु 24 घंटे ऑक्सीजन प्लांट संचालन जैसी मांगें रखीं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और तीर्थ पुरोहित ओमप्रकाश पाराशर ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरोवर के डूब क्षेत्र में अवैध होटलों का निर्माण हुआ, जिनकी गंदगी सरोवर में पहुंच रही है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुरेश रावत पर आरोप लगाते हुए मांग की कि यह 100 करोड़ से अधिक का घोटाला है। जिसकी जांच ईडी और सीबीआई से कराई जाए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरोवर के ब्रह्म घाट पर पूजा अर्चना कर तीर्थ के धार्मिक महत्व को नमन किया और उसके बाद जवाजा के लिए रवाना हो गए।