भीलवाड़ा में 3 दिन से नहीं आया पीने का पानी:प्यास बुझाने कोई पहुंचा प्याऊ, किसी ने लगाए हैंडपंप के चक्कर

भीलवाड़ा शहर में पिछले तीन दिनों से पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। शहरवासियों को परेशानी हो रही है। लोग दिनचर्या के काम छोड़ पानी का इंतजाम कर रहे हैं। कोई प्यास बुझाने प्याऊ पहुंचा तो कोई हैंडपंप के चक्कर लगा रहा है। शहर के कई इलाकों में टैंकर पर निर्भरता बढ़ गई है। चंबल का पानी बुझाता है शहर की प्यास भीलवाड़ा में पेयजल की सप्लाई आरोली चंबल प्लांट से की जाती है। शहर की अलग-अलग कॉलोनी में अलग-अलग टाइमिंग के अनुसार एक से डेढ़ घंटे पेयजल की सप्लाई होती है। तीन दिन से आरोली प्लांट में पावर फैलियर के चलते सप्लाई में बाधा हुई है। तिलस्वा और भुंजर कला में एवीएनएल के 33 केवी पोल में पावरफेल होने के चलते पंपहाउस से पंपिंग बंद है। इसी के चलते आरोली प्लांट पर वाटर सप्लाई डिस्टर्ब है। 3 दिन में भी सही नहीं हो पाई पावर सप्लाई इससे पहले गुरुवार और बुधवार को भी शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई थी। मंगलवार को तेज आंधी तूफान के कारण तिल्सवा और भूंजर कला में 33 केवी टावर पोल के कट पॉइंट ब्रेक होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई थी। आरोप है कि अधिकारी लगातार टालमटोल करते रहे। लापरवाही के कारण लोगों को 3 दिन से परेशान होना पड़ रहा है। एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप अधिकारी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। उधर तीन दिन से एबीएनएल 33 केवी टावर पोल पर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई सुचारू नहीं करा सका है। शुक्रवार को लोग शहर में कई स्थानों पर पेयजल के लिए कतार में दिखे। कुछ ने हैंडपंप का सहारा लिया तो कुछ ने प्याऊ से पानी का इंतजाम किया। कई लोगों ने टैंकर पानी के कैन मंगाकर व्यवस्था की। लोगों का कहना है की शिकायत करने के बाद भी 3 दिन से समस्या ज्यों की त्यों है।