बूंदी रेलवे स्टेशन पर मिली नाबालिग लड़की:बाल कल्याण समिति को बताई पीड़ा, सौतेले पिता समेत 6 लोगों पर दुष्कर्म का आरोप

बूंदी कोतवाली थाना पुलिस को रेलवे स्टेशन पर एक नाबालिग लड़की भटकती हुई मिली। लड़की चित्तौड़गढ़ की रहने वाली है। पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। नाबालिग के खुलासे के बाद पुलिस ने सौतेले पिता सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूछताछ में पता चला कि लड़की दिल्ली और मुंबई घूमकर लौट रही थी। गलती से वह बूंदी पहुंच गई। उसने रेलवे स्टेशन और अस्पताल परिसर में रात बिताई। अगले दिन कालिका यूनिट टीम को वह आजाद पार्क में एक लड़के के साथ मिली। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पोद्दार ने लड़की के माता-पिता से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि लड़की अक्सर घर से चली जाती है। काउंसलिंग में लड़की ने बताया कि उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली। वह अपने चार भाई-बहनों के साथ सौतेले पिता के घर रहने लगी। सौतेले पिता ने उसके साथ छेड़छाड़ की और बाद में दुष्कर्म किया। लड़की ने मां को बताया, लेकिन उन्होंने चुप रहने को कहा। लड़की के मुताबिक सौतेले पिता और उनके एक दोस्त ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा चार अन्य लोगों ने भी अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया। आरोपियों में बिहार के दो, बाड़मेर का एक और चित्तौड़गढ़ के तीन लोग शामिल हैं। कुछ आरोपी सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क में आए थे। बाल कल्याण समिति ने बालिका का हस्तलिखित बयान पुलिस उपअधीक्षक उमा शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपअधीक्षक ने महिला थाने को तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालिका का मेडिकल परीक्षण करवाया।फिलहाल बालिका डरी हुई है और अपने माता-पिता के साथ नहीं जाना चाहती है। उसे लम्बे समय तक मनोवैज्ञानिक परामर्श की आवश्यकता है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।