बूंदी में वंदे गंगा अभियान:महिलाओं ने कलश यात्रा में दिया जल संरक्षण का संदेश, पीपल पूजन भी किया

बूंदी में सोमवार को राजीविका की ओर से 'वंदे गंगा, जल संरक्षण-जन अभियान' के तहत बड़ानया गांव में कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर गांव का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों को जल की बूंद-बूंद बचाने का संदेश दिया। वर्षा जल संचयन और पानी के दुरुपयोग से बचने की अपील की। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। महिलाओं ने पीपल के पौधे लगाए। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक पेड़-पौधे लगाने और पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए प्रेरित किया। धोवडा और सथूर गांवों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थानों, गलियों और नालियों की सफाई की। उन्हें घरों और आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की सलाह दी गई। हिंडोली पंचायत समिति के सहायक अभियंता रामकुमार डुकिया ने कहा कि राजीविका का यह अभियान जल, पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होगा।