बजरिया में श्रीमद्भागवत कथा का समापन:हवन-यज्ञ के बाद भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

धौलपुर के बजरिया स्थित कायस्थपाड़ा स्कूल में श्रीमद्भागवत कथा का समापन हुआ। कथा का आयोजन सभी भक्त मंडल बजरिया, श्रीकृष्ण गौ सेवा समिति और श्री मां रेहना वाली भक्त सेवा समिति की ओर से किया गया था। विश्व शांति और सर्वकल्याण की कामना से आयोजित कथा के समापन पर हवन का आयोजन किया गया। आचार्य योगेश तिवारी महाराज ने व्यासपीठ से अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आत्मा को जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त करने के लिए भक्ति मार्ग से जुड़ना जरूरी है। साथ ही सत्कर्म करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हवन-यज्ञ से वातावरण और वायुमंडल शुद्ध होता है। इससे व्यक्ति को आत्मिक बल भी मिलता है। कार्यक्रम में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर से शुरू हुआ भंडारा रात तक चला। हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बजरिया के युवाओं ने पूरी व्यवस्था को संभाला। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी श्रद्धालु बिना प्रसाद लिए न जाए।