तापमान 45.6 डिग्री, गर्मी व हीट वेव में झुलस रहा जिला

तापमान 45.6 डिग्री, गर्मी व हीट वेव में झुलस रहा जिला
भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में पिछले 8 दिन से तापमापी का पारा 45 डिग्री से नीचे नहीं आ रहा। भीषण गर्मी व हीट वेव के कारण दोपहर 12 से 4 बजे तक मुख्य बाजार एवं सड़कों पर आवागमन कम हो जाता है। पिछले 5 साल के 23 मई के तापमान का आकलन करें तो 2024 में 47.0 डिग्री, 2023 में 45.7 डिग्री तापमान रहा, जबकि 2021 व 2022 में 2025 की तुलना में कम तापमान रहा। 2021 में 35.5 एवं 2022 में 38.5 डिग्री रहा था। शुक्रवार को अधिकतम 45.6 एवं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री रहा, जबकि इससे पहले गुरुवार को अधिकतम 46.1 एवं न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री था। गर्मी व लू के चलते कलेक्ट्रेट जैसे व्यस्त मार्ग पर लोगों का आवागमन कम हो रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के बीकानेर-शेखावाटी इलाके में अगले दो-तीन दिनों तक दिन के साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। रात का तापमान 32 डिग्री से ज्यादा दर्ज हो सकता है। इधर, शुक्रवार को चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की मीटिंग भी गर्मी व हीट वेव के प्रबंधों व तैयारी पर आधारित रही। इधर, फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र की मौसम रिपोर्ट के अनुसार केंद्र पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान तापमान 29.5 दर्ज किया गया।