1 करोड़ के 33 करोड़ करने का झांसा देकर ठगी:कर्नाटक के रहने वाले तांत्रिक ने प्रसाद खिलाकर बेहोश किया; 3 की मौत

1 करोड़ के 33 करोड़ करने का झांसा देकर ठगी:कर्नाटक के रहने वाले तांत्रिक ने प्रसाद खिलाकर बेहोश किया; 3 की मौत
बीकानेर में तांत्रिक विद्या से 1 करोड़ के 33 करोड़ करने का झांसा देकर रुपए लूटने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका सगरना (तांत्रिक) फरार है। कर्नाटक के रहने वाले तांत्रिक ने अपने 5 साथियों के साथ पीड़ित के घर आकर तंत्र क्रिया की थी। इसके बाद हलवे के प्रसाद में बेहोशी की गोलियों को मिलाकर खिला दिया। इसके बाद पीड़ित सहित तांत्रिक के ही दो साथियों की मौत हो गई। पीड़ित ने सरकारी डॉक्टर और मेडिकल स्टोर संचालक से लेकर 50 लाख रुपए तांत्रिक को दिए थे। पुलिस जांच कर रही है कि तांत्रिक के दो साथियों की मौत कैसे हुई। मामला खाजूवाला थाना इलाके का है। कर्नाटक से आया तंत्र-मंत्र करने सीओ अमरजीत सिंह ने बताया- तांत्रिक कर्नाटक का रहने वाला एम.शिवा है। उसकी गैंग में शैतान सिंह, विक्रम सिंह, रामस्वरूप और मनोज थे। इनमें से रामस्वरूप और मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शैतान सिंह, विक्रम सिंह सहित पीड़ित गफ्फार की मौत हो गई। गैंग के दो सदस्यों की मौत कैसे हुई, इसकी जांच चल रही है। सीओ ने बताया- तांत्रिक के जाल में फंसा गफ्फार खाजूवाला (बीकानेर) का रहने वाला है। वह अजमेर के रहने वाले शैतान सिंह और विक्रम सिंह के संपर्क में आया था। दोनों ने गफ्फार को कर्नाटक के एम.शिवा नाम के तांत्रिक के बारे में बताया था। कहा था कि वह तंत्र-मंत्र से 1 करोड़ रुपए के 33 करोड़ रुपए कर सकता है। गफ्फार उनकी बातों के झांस में आ गया। ठग शैतान सिंह ने अजमेर में तंत्र क्रिया कराने की कोशिश की लेकिन रुपयों का जुगाड़ नहीं हो पाया। ऐसे में गफ्फार ने खाजूवाला के स्थानीय लोगों से बात की। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने दिए 45 लाख रुपए गफ्फार की बातों में आकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पूनाराम ने अपने साले से लेकर 45 लाख रुपए दे दिए। पुलिस जांच कर रही है कि पूनाराम ने भी रुपए 33 गुना बढ़ाने के लिए दिए थे या फिर किसी अन्य काम के लिए दिए थे। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालक राजेंद्र पूनिया ने भी 5 लाख रुपए दिए थे। इसी तरह कई लोगों ने उसे पैसा दे दिया। गफ्फार ने दो बार डबल करवाए रुपए ठगों ने गफ्फार को अपने जाल में फंसाने के लिए दो बार रुपए डबल कर धोखा दिया। गफ्फार ने एक बार शैतान सिंह के माध्यम से 50 हजार रुपए तांत्रिक के पास भेजे थे। इस पर उसे 50 हजार के बदले एक लाख रुपए वापस दिया गया। 1 लाख रुपए दिए तो उसे 2 लाख रुपए वापस मिल गए। इस कारण उसका विश्वास जम गया। कर्नाटक का तांत्रिक चार साथियों के साथ पहुंचा इसके बाद कर्नाटक का तांत्रिक खाजूवाला तंत्र क्रिया करने आया। जून के पहले सप्ताह में कर्नाटक का तांत्रिक अपने चार साथियों रामस्वरूप, मनोज, शैतान सिंह और विक्रम सिंह के साथ खाजूवाला पहुंचा। 10 जून से गफ्फार के घर तंत्र क्रिया शुरू की। 10 जून- गफ्फार के घर की सभी महिलाओं को बाहर भेज दिया। उन्हें बोला कि तंत्र विद्या में उनका कोई काम नहीं है। 11 जून- तंत्र क्रिया शुरू की गई। दिनभर तांत्रिक क्रिया की। 12 जून- इस दिन भी देर रात तक तंत्र क्रिया की। रात को एम.शिवा और उसके साथियों ने प्रसाद तैयार किया। रात करीब 2 बजे प्रसाद वितरण के बाद तांत्रिक और उसके चारों साथी भाग गए। पीड़ित और तांत्रिक के दो साथियों की मौत प्रसाद खाने के बाद गफ्फार और उसका बेटा सलमान बेहोश हो गए थे। सलमान को होश आया तो उसने अपने पिता को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां गफ्फार की मौत हो गई। कुछ ही देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि शोभासर में एक फॉर्म हाउस के पास दो शव मिले हैं। थोड़ी देर में स्पष्ट हो गया कि ये शव शैतान सिंह और विक्रम सिंह के हैं। तांत्रिक के साथियों की मौत कैसे हुई इसकी जांच चल रही है। तांत्रिक फरार, दो को पकड़ा पुलिस ने सलमान का बयान लिया था। इसके बाद जांच करते हुए शुक्रवार देर रात मेड़ता रेलवे स्टेशन से जोधपुर निवासी रामस्वरूप और झारखंड निवासी मनोज को हिरासत में लिया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि कर्नाटक का एम. शिवा इनके साथ नहीं था। ऐसे में आशंका है कि वो किसी दूसरे रास्ते से फरार हुआ है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसका भी पीछा कर रही है।