जेठ की तपन... पारा 46.5 डिग्री, सड़कों की डामर पिघली

जेठ की तपन... पारा 46.5 डिग्री, सड़कों की डामर पिघली
भास्कर न्यूज| भरतपुर पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही गर्मी का पारा हाई हो गया है। सोमवार को 46.5 डिग्री तापमान के साथ सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सोमवार को तेज गर्म हवाओं का यलो अलर्ट रहा। सुबह 10 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा दिखा, जो शाम 5 बजे तक प्रभावी रहा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। नौ तपा में 42.3 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान ही नहीं गया। लेकिन नौ तपा बीतने के एक हफ्ते बाद सोमवार को 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान ने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हालांकि पिछले वर्ष 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। वहीं, जाता हुआ जेठ का महीना इंसानों के साथ पशु-पक्षी पर भी बेहद असर डाल रहा है। सोमवार को आरबीएम की ओपीडी में भीषण गर्मी के कारण सैकड़ों की संख्या में बुखार, जुकाम-खांसी, स्किन एलर्जी, घमौरियों वाले मरीज पहुंचे।