चित्तौड़गढ़ जिले में 2 दिनों में 241 गिरफ्तारी:497 ठिकानों पर दी दबिश, निंबाहेड़ा से पकड़े गए सबसे ज्यादा आरोपी

चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने शनिवार और रविवार को दो दिन का विशेष अभियान चलाकर जिलेभर में दबिश देकर कुल 241 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इस दौरान 11 आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए, जिनमें दो आबकारी अधिनियम, चार आर्म्स एक्ट और तीन जुआ अधिनियम के केस शामिल हैं। अभियान की पूरी योजना, 497 ठिकानों पर दी दबिश जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य वांछित आरोपियों की धरपकड़, गिरफ्तारी और जिले में पुलिस की उपस्थिति का प्रभाव (एरिया डोमिनेंस) दिखाना था। इसके लिए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलाकर 145 विशेष टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने 497 संदिग्ध जगहों पर दबिश दी। 622 पुलिसकर्मी हुए शामिल, कई इलाकों से हुई गिरफ्तारी अभियान में कुल 622 पुलिसकर्मी शामिल रहे। उन्होंने चित्तौड़गढ़ शहर, ग्रामीण क्षेत्र, गंगरार, कपासन, बेगूं, रावतभाटा, बड़ीसादड़ी, निम्बाहेड़ा और भदेसर इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। इन इलाकों के सभी पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस लाइन से आए जवानों ने मिलकर अभियान को सफल बनाया। सबसे ज्यादा निंबाहेड़ा से पकड़े गए आरोपी पुलिस ने इस विशेष अभियान में अलग-अलग अपराधों में वांछित कुल 241 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 24 गंभीर अपराधों में वांछित आरोपी, 112 स्थाई वारंटी, उदघोषित आरोपी, फरार और गिरफ्तारी वारंटी, 105 अन्य अपराधों में वांछित आरोपी शामिल हैं। सबसे अधिक 49 गिरफ्तारियां निंबाहेड़ा क्षेत्र में हुईं। इस अभियान के दौरान बिजयपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2000 लीटर वॉश (कच्ची शराब बनाने का कच्चा माल) नष्ट किया।