कोकापुर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित:शांतिनाथ भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया, पांडूक शिला पर जन्माभिषेक

डूंगरपुर के सागवाड़ा क्षेत्र स्थित कोकापुर गांव में सकल दशा हुमड़ दिगंबर जैन समाज द्वारा आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का तीसरा दिन उत्साह से मनाया गया। नवनिर्मित शांतिनाथ जिनालय में आचार्य सुनील सागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिष्ठाचार्य महावीर जैन, विनोद पगारिया विरल, ब्रह्मचारी विनय शास्त्री और अजीत प्रसाद पगारिया के निर्देशन में विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। विश्व शांति की कामना के लिए प्रतिमा पर पीठवासी प्रितेश आनंद बिहारी कोठारी द्वारा शांतिधारा की गई। आचार्य सुनील सागरजी महाराज के पाडवा से कोकापुर आगमन पर जैन समाज ने बैंड-बाजों के साथ भव्य स्वागत किया। हस्तिनापुर पंडाल में श्रद्धालुओं ने आचार्य को अष्ट द्रव्य श्रीफल अर्पित किए। पवन कुमार, पंकज कुमार, संजय और रोशन गांधी परिवार ने पाद प्रक्षालन किया। इंद्र सभा में त्रिलोकीनाथ के जन्म का दृश्य प्रस्तुत किया गया। शोभायात्रा के बाद पांडुक शिला पर सौधर्म इंद्र राजेंद्र शाह सहित सभी इंद्र समूह ने जन्माभिषेक किया। महिलाओं ने बाल तीर्थंकर का श्रृंगार किया। आचार्य सुनील सागरजी ने कहा कि वागड़ भूमि तपस्वी सम्राट आचार्य सन्मति सागरजी महाराज की तपोभूमि है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को गर्भपात न कराने की शपथ भी दिलाई।