अहमदाबाद प्लेन क्रैश-3 दिन पहले लुधियाना से लौटे थे रूपाणी:उपचुनाव में प्रचार किया, तीन साल से पंजाब-चंडीगढ़ BJP के प्रभारी थे

अहमदाबाद प्लेन क्रैश-3 दिन पहले लुधियाना से लौटे थे रूपाणी:उपचुनाव में प्रचार किया, तीन साल से पंजाब-चंडीगढ़ BJP के प्रभारी थे
गुजरात के अहमदाबाद में आज एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें पंजाब BJP के प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन हो गया। वह 3 साल से पंजाब और चंडीगढ़ BJP के प्रभारी थे। उन्होंने 3 दिन पहले लुधियाना में वेस्ट हलका के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता के लिए प्रचार किया था। इससे पहले 3 जून को पार्टी उम्मीदवार जीवन गुप्ता का नामांकन भरवाया था। वह 9 जून को लुधियाना से गुजरात के लिए रवाना हुए थे। भाजपा के नेता उन्हें एयरपोर्ट तक छोड़ने आए थे। रूपाणी ने कहा था- हमारे उम्मीदवार पर एक भी दाग नहीं प्रचार के दौरान विजय रूपाणी ने कहा था कि सभी के कैंडिडेट दागदार हैं, जबकि हमारे उम्मीदवार पर एक भी दाग नहीं है। वेस्ट विधानसभा सीट भाजपा का गढ़ है। उन्होंने कहा था कि 2022 में किसान आंदोलन के बावजूद भाजपा को 29 हजार वोट मिले थे, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में 47 हजार वोट मिले थे। जो सभी पार्टियों से अधिक थे। रूपाणी ने कहा कि भाजपा ने मेहनती कार्यकर्ता को टिकट देकर सकारात्मक संदेश दिया है, जबकि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार भ्रष्टाचार के मामलों में ED की जांच झेल रहे हैं। 2022 से पंजाब BJP के प्रभारी थे रूपाणी पहली बार BJP ने विजय रूपाणी को 9 सितंबर 2022 को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया था। इसके साथ उन्हें चंडीगढ़ की भी जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद जुलाई 2024 को दोबारा पंजाब और चंडीगढ़ के प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। 2027 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा को कर रहे थे मजबूत विजय रूपाणी के भाषणों से पता चलता है कि वह 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अभी से संगठन को मजबूत कर रहे थे। अप्रैल 2025 में लुधियाना में रूपाणी ने कहा था कि लुधियाना की वेस्ट विधानसभा सीट का उपचुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव का आइना साबित होगा। जिसे भाजपा जीत कर 2027 के विधानसभा चुनाव का नींव पत्थर रखेगी और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। तीन महीने से लुधियाना उपचुनाव में डटे थे लोकसभा चुनाव 2024 में पंजाब में भाजपा का वोट शेयर बढ़ने पर विजय रूपाणी प्रदेश BJP में नई ताकत फूंक रहे थे। चुनाव छोटा हो या बड़ा रूपाणी उसमें पूरे सक्रिय दिखते थे। लुधियाना वेस्ट हलका उपचुनाव की बात करें तो इसे लेकर भी विजय रूपाणी ने 3 महीने पहले से प्लानिंग करनी शुरू कर दी थी। 3 महीने पहले यानी अप्रैल में वे लुधियाना आए और यहां जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में चुनाव को लेकर मंथन किया। लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की 13 सीटों पर 1 जून मतदान को हुआ था। इन 13 सीटों में से कांग्रेस को 7, AAP को 3, शिरोमणि अकाली दल को एक और निर्दलीय को 2 सीट मिली थीं। भाजपा का खाता नहीं खुला था। मगर 2019 के मुकाबले इस चुनाव में भाजपा के वोट प्रतिशत में करीब 8.93 की बढ़ोतरी हुई। 2019 में वोट प्रतिशत 9.63 था, जो 2024 में बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया। अब पढ़िए किस नेता ने क्या कहा... जाखड़ बोले- रूपानी जी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा पंजाब BJP के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि यह जानकर बेहद दुख हुआ और दिल टूट गया कि विजय रूपाणी उस दुर्भाग्यपूर्ण एयर इंडिया विमान में सवार थे, जो आज अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वह एक विनम्र, दयालु इंसान और एक जमीनी नेता थे। मुझे उनके साथ जुड़ने का सौभाग्य मिला, क्योंकि वह पंजाब भाजपा के प्रभारी थे। न केवल गुजरात ने उनके रूप में एक महान नेता खो दिया है, बल्कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि मुझे उनका सौम्य व्यवहार बहुत प्यारा लगता था। उनकी कमी खलेगी। कैप्टन अमरिंदर बोले- जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हमेशा याद रहेगी पंजाब के पूर्व CM व भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अहमदाबाद के पास दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी विजय रूपाणी के निधन से दुखी हूं। जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मनोरंजन कालिया बोले- पिछले हफ्ते हुई थी मुलाकात पंजाब भाजपा के सीनियर लीडर मनोरंजन कालिया ने कहा कि पिछले हफ्ते ही मेरी विजय रूपाणी से मुलाकात हुई। लुधियाना उपचुनाव को लेकर उन्होंने बहुत अच्छे से हमें गाइड किया। विमान हादसे में उनके निधन से बहुत दुख पहुंचा है। यकीन नहीं हो रहा कि पिछले हफ्ते हुई उनसे मुलाकात आखिरी मुलाकात हो गई है। मैंने लंबे समय तक उनके साथ काम किया। वो बहुत मीठा बोलने वाले थे। कभी याद नहीं कि उन्होंने ऊंचा बोला हो। पंजाब को उनकी कमी हमेशा खलेगी।