17 साल के लड़के ने सुसाइड किया:फंदे से उतारा, तब सांस चल रही थी, इलाज के दौरान दम तोड़ा

कोटा जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक किशोर के सुसाइड करने के मामला सामने आया है। लड़के ने गुरुवार को घर पर ही गमछे से फांसी लगा ली। पता लगने पर परिजनों ने उसे नीचे उतारा। तब उसकी सांस चल रही थी। उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एमबीएस हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। फिलहाल सुसाइड का कारण सामने नहीं आया है। परिजनों ने भी बातचीत से मना कर दिया है। किशोर प्रियांशु गौतम (17) संजय गांधी नगर का रहने वाला था। उसने बाहरवीं का एग्जाम दिया था। कुछ समय पहले ही उसका रिजल्ट आया था। बाहरवीं में उसके 72%अंक आए थे। सुल्तानपुर थाना हेड कॉन्स्टेबल बाबूलाल ने बताया- घटना गुरुवार दोपहर 3 बजे के आसपास की है। प्रियांशु अपने कमरे में था। घर में मां, छोटा भाई, दादा, चाचा भी थे। छोटा भाई फोन पर बात करते करते कमरें के पास गया तो प्रियांशु फांसी पर लटका हुआ था। उसने गमछे से फंदा लगा रखा था। पता लगने पर परिजनों ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए उसे लेकर सुल्तानपुर निजी हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। घटना के वक्त पिता अपनी दुकान पर थे। पता लगने पर वो भी दुकान से रवाना हुए। निजी हॉस्पिटल से प्रियांशु को कोटा रेफर किया। प्रियांशु का कोटा के निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। रात 2 बजे करीब उसकी मौत हो गई। परिजनों ने तनाव या टेंशन में होने जैसी बात नहीं बताई। सुसाइड के कारणों की जांच की जा रही है।