वर्ल्ड अपडेट्स:थाईलैंड में भांग के इस्तेमाल पर रोक, डॉक्टर की पर्ची के बिना नहीं मिलेगी

वर्ल्ड अपडेट्स:थाईलैंड में भांग के इस्तेमाल पर रोक, डॉक्टर की पर्ची के बिना नहीं मिलेगी
थाईलैंड सरकार भांग की बिक्री और इस्तेमाल पर फिर से सख्ती करने की तैयारी में है। अभी तक भांग को मनोरंजन के लिए भी इस्तेमाल करने की इजाजत थी, लेकिन अब सरकार इसे सिर्फ इलाज के लिए सीमित करना चाहती है। यानी कि अब बिना डॉक्टर की पर्ची के यह नहीं मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार रात एक आदेश जारी किया जिसमें कहा गया कि भांग का उपयोग केवल दवा के तौर पर ही किया जाना चाहिए। हालांकि, यह आदेश अभी तक कानून नहीं बना है। इसे लागू करने के लिए रॉयल गजट (सरकारी अधिसूचना) में प्रकाशित करना जरूरी होगा। फिलहाल सरकार ने अभी तक ये नहीं बताया है कि ये कब होगा। सरकारी प्रवक्ता जिरायु होंगसुब ने कहा कि भांग के खुले इस्तेमाल से खासकर युवा पीढ़ी के बीच गंभीर सामाजिक समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देश को अब फिर से भांग की नीति को सिर्फ इलाज के इस्तेमाल तक सीमित कर देना चाहिए। थाईलैंड ने 2022 में एशिया में सबसे पहले भांग को पूरी तरह गैर-अपराधी बना दिया था। इसके बाद देश में हजारों भांग की दुकानें खुल गईं। लेकिन ये उद्योग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सका और नियमों को लेकर लगातार भ्रम बना रहा। अब सरकार भांग के व्यापार को काबू में लाने और इससे जुड़ी सामाजिक दिक्कतों को रोकने के लिए नीति में बदलाव कर रही है। इस फैसले का असर देश की राजनीति पर भी दिख रहा है। हाल ही में एक पार्टी, जो पहले भांग को वैध बनाने की समर्थक थी, सीमा विवाद को लेकर सरकार से अलग हो गई है। ऐसे में यह मामला राजनीति, कानून और व्यापार तीनों के लिए बड़ा मुद्दा बन गया है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें... मेक्सिको में त्योहार के दौरान गोलीबारी, 12 लोगों की मौत, 20 घायल; राष्ट्रपति शिनबाम ने दुख जताया मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य में मंगलवार रात भीषण गोलीबारी हुई। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। उस वक्त लोग इरापुआतो शहर में सेंट जॉन द बैप्टिस्ट त्योहार के मौके पर सड़क पर नाच-गाना और जश्न मना रहे थे। यह जानकारी स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को दी। इरापुआतो के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज सेरवांतेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मेक्सिको मरने वालों की संख्या 12 हो चुकी है और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हमले पर दुख जताया और कहा कि इसकी जांच की जा रही है। नाइजीरिया में सेना के तीन अड्डों पर बंदूकधारियों का हमला, 17 सैनिकों की मौत नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाके में बंदूकधारियों ने बुधवार को सेना के तीन अड्डों पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 17 सैनिक मारे गए। यह जानकारी सुरक्षा सूत्रों और एक स्थानीय अधिकारी ने बुधवार को दी। सेना की ओर से एक बयान में कहा गया, “कुछ बहादुर जवानों ने लड़ते हुए अपने प्राण गंवा दिए। चार घायल सैनिकों का इलाज चल रहा है।” सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, बंदूकधारियों ने अचानक हमला किया। ये हमले नाइजर राज्य के कवानार डुटसे मरिगा और बोका इलाकों में बने सेना के फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस और पास के कडूना राज्य के एक अड्डे पर हुए। इनमें सबसे ज़्यादा नुकसान कवानार डुटसे मरिगा बेस पर हुआ, जहां सभी 17 सैनिकों की मौत हुई। मरिगा जिले के चेयरमैन अब्बास कसुवार गारबा ने भी इसकी पुष्टि की और बताया कि यह पूरी तरह से एक घात लगाकर किया गया हमला था। एक सेना अधिकारी ने कहा, "बंदूकधारी अचानक आ गए और भारी हथियारों से हमला कर दिया।" सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई हमलावरों को मार गिराया।