मॉल के बाहर हेरिटेज निगम के होल्डिंग पर सरकार विरोधी अवैध बैनर लगाया, केस दर्ज

मॉल के बाहर हेरिटेज निगम के होल्डिंग पर सरकार विरोधी अवैध बैनर लगाया, केस दर्ज
सिविल लाइन्स जोन नगर निगम जयपुर हेरिटेज क्षेत्र के वार्ड नंबर 49 में एमजीएफ मॉल, सहकार मार्ग पर एक अज्ञात व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से विज्ञापन बैनर चस्पा कर दिया। यह बैनर नगर निगम हेरिटेज के एक विज्ञापन बोर्ड पर लगाया गया था। जिसका ऑक्शन नहीं करके नगर निगम ने सरकारी योजनाओं के विज्ञापनों के लिए खुद अपने पास रख रखा था। इस विज्ञापन के लगने के बाद नगर निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान और अन्य सरकारी योजनाओं के प्रचार में बाधा उत्पन्न हुई। साथ ही शहरी सौंदर्यकरण पर भी असर पड़ा। नगर निगम ने इसे सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति का विरुपण माना है। निगम के अनुसार, यह कृत्य राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 297 क और राजस्थान संपत्ति विरुपण एवं निवारण अधिनियम 2006 की धारा 3/6 का उल्लंघन है। इस संबंध में सिविल लाइन जोन के एसडी उपायुक्त ने अशोकनगर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर नगर निगम हेरिटेज आयुक्त की ओर से आरओ सत्यनारायण ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक घनश्याम को सौंपी है। बैनर में यह लिखा था सीएम साहब सुनो-सुनो करोड़ों के घोटालो के आरोपियों को बचा रहे सहकारिता मंत्री गौतम दक व रजिस्टार मंजू राजपाल। हालांकि बैनर एक सप्ताह पहले लगाया गया था, लेकिन बैनर की फोटो वायरल होने के बाद नगर निगम हेरिटेज की ओर से अशोकनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। रिपोर्ट दर्ज होने से पहले बैनर को हटा दिया गया था और उसके स्थान पर सरकारी योजनाओं के प्रचार के बैनर लगा दिए गए थे।