बादलवाही से दो दिन में 9.4 डिग्री ​पारा गिरा

बादलवाही से दो दिन में 9.4 डिग्री ​पारा गिरा
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर क्षेत्र में गत दिवस हुई बारिश के बाद रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दो दिन पूर्व शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था वहीं, दो दिन बाद रविवार को तापमान 9.4 डिग्री गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस आ गया। इससे मौसम सुहावना हो गया। यह तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी तीन-चार दिन ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना व्यक्त की है। क्षेत्र में रविवार को दिनभर आसमान में काले बादलों की आवाजाही रही तथा उमस का मौसम बना रहा। इससे अधिकतम तापमान गत दिवस से 6.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस आ गया। शाम को एकाएक ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। मौसम में आए बदलाव के चलते एक तरफ जहां आमजन को भीषण तपिश, गर्मी व लू से राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर बिजली की खपत में भी गिरावट आई है। जयपुर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में अंधड़ व बारिश का मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 40.0 व न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी 61 व शाम को 60 प्रतिशत दर्ज की गई।