नेहरू नगर में पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि:पूर्व विधायक संयम लोढ़ा समेत कई नेताओं ने दी पुष्पांजलि

नेहरू नगर में पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि:पूर्व विधायक संयम लोढ़ा समेत कई नेताओं ने दी पुष्पांजलि
नेहरूनगर, शिवगंज में मंगलवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सूरा, संभाग प्रभारी लक्ष्मण सांखला और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष वजिंग राम घांची मौजूद रहे। नगर अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया ने बताया कि संयम लोढ़ा ने अपने संबोधन में पंडित नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश में आधुनिक विज्ञान, तकनीकी शिक्षा और औद्योगीकरण को बढ़ावा दिया। आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना उनकी दूरदृष्टि का परिणाम है। यशवीर सूरा ने बताया कि बच्चों के प्रति नेहरू के प्रेम के कारण उन्हें चाचा नेहरू कहा जाता था। उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। सांखला ने कहा कि नेहरू ने पंचवर्षीय योजना के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति की दिशा तय की। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश राज मीणा, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंह राव, पार्षद हबीब शेख समेत कई स्थानीय नेता और समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।