चंबल नदी को चुनरी ओढ़ाने केशवरायपाटन आएंगे सीएम:5 जून को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में होगी महाआरती

चंबल नदी को चुनरी ओढ़ाने केशवरायपाटन आएंगे सीएम:5 जून को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में होगी महाआरती
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 5 जून को बूंदी के केशवरायपाटन में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में शामिल होंगे। इस दौरान वे चंबल नदी को चुनरी ओढाएंगे और घाट पर महाआरती में भाग लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कलेक्टर अक्षय गोदारा और एसपी राजेंद्र मीणा ने सोमवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने चंबल नदी पर बने हेलीपैड का जायजा लिया। अधिकारियों को स्नान घाटों की सफाई और घाट के पास पड़ी टूटी नावों को हटाने के निर्देश दिए गए। केशवरायपाटन में चंबल नदी पूरब मुखी धनुषाकार में बहती है। इस विशेषता के कारण इसे गंगा के समान पवित्र माना जाता है। चंबल तट पर स्थित भगवान श्रीकेशव का प्राचीन मंदिर सरकार की कृष्ण गमन पथ योजना का हिस्सा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से योजना को गति मिलेगी। निरीक्षण के समय एडीएम, एएसपी उमा शर्मा, कार्यवाहक एसडीएम भावना सिंह, डीएसपी आशीष भार्गव के साथ देवस्थान, पीडब्ल्यूडी और नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित थे। कंटेंट: महावीर राठौड़