खौफ की दस्तक:तीन दिन में दूसरी बार आबादी एरिया में दिखाई दिया तेंदुआ

शहर के आबादी एरिया में तीन दिन के भीतर फिर एक बार तेंदुआ दिखाई दिया। इस बार वार्ड नंबर 64 के केशवनगर क्षेत्र के प्रेमनगर में रविवार रात 11:27 बजे तेंदुआ नजर आया। उसने एसीबीआई बैंक के सामने स्थित अभिषेक जैन के घर में घुसने का प्रयास किया। वहां सो रहे चौकीदार मीठालाल ने जब तेंदुए को देखा तो डर गया। उसके चिल्लाने पर तेंदुआ छलांग मारते हुए सड़क पार कॉलोनी के पीछे खेतों की ओर चला गया। चौकीदार ने घर में रह रहे किरायेदार अपूर्व जैन को इस बारे में बताया तो सुबह सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। इसमें तेंदुआ नजर आया। इसके बाद वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। टीम ने माैके पर पहुंचकर एरिया में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। विभाग की ओर से एरिये में लगातार निगरानी रखी जा रही है। रूपसागर में पानी पीने के बाद शिकार की तलाश में आया इस काॅलोनी के पास रूपसागर तालाब है। ऐसे में संभावना जताई रही है कि तेंदुआ पानी पीने के लिए वहां पहुंचा और फिर शिकार की तलाश में काॅलोनी में घुस आया। तेंदुए के सुविवि और एमपीयूएटी एरिया से आने की भी आशंका है। विवि के सामने हाईवे पार करते ही वन विभाग और यूडीए का पहाड़ी एरिया है। यहां से तेंदुए अकसर शिकार के लिए आबादी की तरफ आ जाते हैं। कुछ समय पहले शोभागपुरा में भी एक घर के सामने तेंदुआ दिखाई दिया था। इससे पहले तीन किमी दूर ओस्तवाल नगर में दिखा था
गत शुक्रवार को राणा प्रताप नगर स्टेशन के पास ओस्तवाल नगर में तेंदुआ देखा गया था। मौके से पगमार्क भी मिले। यह इलाका प्रेमनगर से 3 किमी दूर है। वार्ड 64 के पार्षद राकेश जैन ने कहा कि आबादी में तेंदुए का आना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि वर्ष 2023 में 8 दिसंबर काे सेक्टर 3 स्थित गर्ल्स हॉस्टल और 3 अप्रैल 2023 काे सेक्टर-14 में सीए सर्किल के पास एक मकान में तेंदुआ घुस गया था।