अलवर में डॉक्टर ने सुसाइड किया, फंदे से लटके मिले:पत्नी से चल रहा था विवाद; 1 दिन पहले भाई से कहा था-पूरी तरह टूट चुका हूं

अलवर में डॉक्टर ने सुसाइड किया, फंदे से लटके मिले:पत्नी से चल रहा था विवाद; 1 दिन पहले भाई से कहा था-पूरी तरह टूट चुका हूं
अलवर में एक डॉक्टर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड के दौरान डॉक्टर घर में अकेले ही थे। डॉक्टर के अस्पताल नहीं पहुंचने पर वार्ड बॉय घर पहुंचा तो डॉक्टर फंदे से लटके मिले। इस पर उसने डॉक्टर के भाई को जानकारी दी। भाई ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर के शव को फंदे से उतारा। बताया जा रहा है कि डॉक्टर का अपनी पत्नी से कई सालों से विवाद चल रहा था। दोनों ने पहले एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। मामला सदर थाना क्षेत्र में शालीमार के पास गांधी नगर का है। घर का दरवाजा खोला तो फंदे पर लटके मिले डॉक्टर सदर थाना अधिकारी रमेश ने बताया- मनोचिकित्सक डॉ. सुमित मित्तल घर में अकेले रहते थे। एक भाई गुरुग्राम और एक भाई खैरथल में रहता है। सुबह 11 बजे डॉक्टर सुमित के भाई नवीन मित्तल निवासी खैरथल ने फोन कर डॉक्टर सुमित के सुसाइड करने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। भाई से कहा था- पूरी तरह टूट चुका हूं डॉक्टर के भाई सीए नवीन मित्तल ने बताया- शुक्रवार सुबह अस्पताल के वार्ड बॉय ने डॉक्टर को कॉल किया। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया तो वह घर पहुंचा। यहां भाई को फंदे पर झूलता देख वार्ड बॉय ने मुझे कॉल किया। इसके बाद मैंने पुलिस को सूचना दी। नवीन मित्तल ने बताया- यहां पहुंचने पर पता चला कि भाई सुबह से कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। हॉस्पिटल में ज्यादा मरीज आने पर मैनेजर विकास ने भी उन्हें कॉल किया था, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया था। नवीन ने बताया- 1 दिन पहले भाई से आखिरी बार बात हुई थी। तब भाई ने कहा था- मैं बहुत ज्यादा परेशान हो चुका हूं और पूरी तरह टूट चुका हूं। डॉक्टर का पत्नी से चल रहा था विवाद जांच में ये भी सामने आया है कि डॉक्टर का अपनी पत्नी सीमा से विवाद चल रहा था। पत्नी सीमा ने डॉक्टर के खिलाफ 2 मामले दर्ज कराए थे, जिसमें 1 धोखाधड़ी का था। 2021 में दर्ज कराए मामले में पत्नी ने आरोप लगाया था कि पति सुमित ने मेरा मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बैंक खाते से ऑनलाइन 32 लाख रुपए भाई और अन्य परिजनों के खाते में ट्रांसफर कर लिए। वहीं डॉक्टर ने पत्नी और साले समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया था। डॉक्टर ने आरोप लगाया था कि स्कीम-2 का मकान उसके नाम पर है, लेकिन पत्नी और उसके भाई ने इसे हड़प लिया। दोनों ही मामलों की जांच चल रही है। सुसाइड के मामलों में काउंसलिंग करते थे डॉक्टर डॉक्टर सुमित अलवर के शिवाजी पार्क साहबजोड़ा में विश्वास नाम से अस्पताल चलाते थे। वह सुसाइड के मामलों में काउंसलिंग करते थे। आत्महत्या के विचार मन में आने से कैसे रोक सकते हैं, इसके बारे में समझाते थे। लेकिन पारिवारिक विवाद में खुद ने ही सुसाइड कर लिया।