अजमेर में युवक के अज्ञात कारणों से मौत:रात को शादी में नाचा, सुबह सोता रह गया; पुलिस जांच में जुटी

अजमेर के मदारपुरा क्षेत्र में एक युवक की अज्ञात कारणों से मौत हो गई। अलवर गेट थाना पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक मदारपुरा निवासी महेन्द्र सिंह रावत (27) पुत्र संपत सिंह रावत है। उसको परिजनों ने गंभीर हालत में जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे कुछ देर के परीक्षण के बाद पहले से मृत होना घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देख उसके शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर थाना पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस दल अस्पताल पहुंच गया। पूछताछ में परिजन ने बताया कि महेन्द्र ने खेतों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया था। उसके बाद उसकी तबीयत कुछ बिगड़ गई। उसने घरवालों को बताया और कुछ देर के लिए आराम किया। इस बीच रात को उसके परिवार में एक शादी भी थी। ऐसे में घरवालों ने उसे उठा दिया। वह भी शादी में आराम से गया। सभी से मिला-जुला, नाचा व खाना भी खाया और रात को परिजन के साथ लौटकर घर आया। तड़के करीब 4 बजे उसने परिजन को अस्वस्थ होना बताया। उसकी मां ने उसे गर्मी होने के कारण नींबू पानी बना दिया। जिसे पीकर वह सो गया। लगभग सुबह 6 बजे जब परिजन ने उसे आवाज दी तो उसने कुछ भी हरकत नहीं की। परिजन ने उसे देखा तो वह अचेत अवस्था में था। ऐसे में परिजन ने उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचा दिया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।