मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अजमेर पहुंचे:साढ़े 3 घंटे हाई सिक्योरिटी में किया निरीक्षण, हार्डकोर बंदियों ने टीवी लगाने की रखी मांग

मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अजमेर पहुंचे:साढ़े 3 घंटे हाई सिक्योरिटी में किया निरीक्षण, हार्डकोर बंदियों ने टीवी लगाने की रखी मांग
मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष गंगाराम मूलचंदानी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अजमेर पहुंचे। आयोग अध्यक्ष की ओर से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल का निरीक्षण किया गया। 3:30 घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष ने 120 से ज्यादा बंद हार्डकोर अपराधियों से एक-एक कर बातचीत कर समस्याओं को सुना। हाई सिक्योरिटी जेल पहुंचने पर जवानों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। आयोग अध्यक्ष गंगाराम मूलचंदानी ने मीडिया से बातचीत में कहा- निरीक्षण में कोई भी गंभीर समस्या सामने नहीं आई है। करीब सभी बंदियों से मुलाकात की है। सभी को अच्छा भोजन भी दिया जा रहा है। कुछ समस्या सामने आई जिन्हें नियम अनुसार सॉल्व किया जाएगा। समस्या में यह सामने आया कि कैंटीन से उन्हें 3500 रुपए का सामान मिलता है। जिसकी सीमा बढ़ाने को लेकर भी निवेदन किया है। इसके साथ ही सेल में टीवी की व्यवस्था करने की भी बंदियों की ओर से मांग की गई है। बाकी कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। टीवी को लेकर हालांकि अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया है। नियमों का अध्ययन किया जाएगा। बंदियों के मनोरंजन को लेकर भी जेल मैनुअल बने हुए हैं। ऐसा कोई भी मनोरंजन नहीं दिया जाएगा जो प्रतिबंधित है। आयोग अध्यक्ष मूलचंदानी ने भूख हड़ताल पर चल रहे बंदियों के सवाल पर कहा- बंदी के साथ बैठकर पानी पिया है, उसे समझाया भी गया है। उसने भी आंदोलन नहीं करने का आश्वासन दिया है। अध्यक्ष मूलचंदानी ने बताया- एक बंदी के बाजू में गोली की चोट लगी हुई थी। जिसे भी कलेक्टर और सीएमएचओ से बात करके समस्या का निदान करवाया है। जेएलएन अस्पताल में बंदी की चिकित्सा ठीक से करने के निर्देश दिए हैं। आयोग सभी के मानव अधिकारों का ठीक से ध्यान रख रहा है। कहीं भी कोई तकलीफ नहीं है।