बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट में तकनीकी खामी, जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट में तकनीकी खामी, जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
एयरपोर्ट पर अचानक एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना से हड़कंप मच गया। दरअसल मामला बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का है। शुक्रवार सुबह बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-1116 की सुबह 9 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। इसके बाद विमान की आधे घंटे तक जांच की गई। एयरपोर्ट से मिली जानकारी के फ्लाइट बेंगलुरु से ही करीब 1:30 घंटे की देरी से चली थी। जिसमें करीब 190 यात्री मौजूद थे। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। इसकी सूचना तुंरत जयपुर एयरपोर्ट के एटीसी को दी और उतारने की अनुमति मांगी। इस पर फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। ग्राउंड टेक्निकल टीम ने फ्लाइट को उड़ान के लिए अनफिट माना। यात्रियों को बस-टैक्सी से दिल्ली रवाना किया। इससे पहले भी चंडीगढ़ व चेन्नई की फ्लाइट की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इससे पहले 2 मई को जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई-7742 की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। फ्लाइट ने 2 मई को सुबह 5:50 बजे निर्धारित शेड्यूल पर जयपुर से उड़ान भरी थी। इसे लगभग 7 बजे चंडीगढ़ पहुंचना था, लेकिन लैंडिंग से लगभग 15 मिनट पहले फ्लाइट के एक इंजन में अचानक फ्लेम आउट (इंजन जलना बंद) की समस्या हो गई थी। वहीं इससे पहले 30 मार्च को स्पाइसजेट एयरलाइंस की जयपुर से चैन्नई गई फ्लाइट की भी इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। दरअसल फ्लाइट एसजी-9046 ने 30 मार्च को देर रात 1:55 बजे जयपुर से चेन्नई के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन ढाई घंटे बाद पायलट को पता चला की फ्लाइट के टायर में खराबी है। ऐसे में एटीसी को सूचना देकर चैन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी।