पर्वों का आषाढ़..., जगन्नाथ रथयात्रा सहित 11 प्रमुख त्योहार और उत्सव

भास्कर न्यूज | भरतपुर आषाढ़ माह प्रारंभ हो गया है। इसे पर्वों और त्योहारों का महीना भी माना जाता है। क्योंकि इस माह जगन्नाथ रथयात्रा सहित 11 प्रमुख त्योहार एवं पर्वों का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को आषाढ़ कृष्ण पक्ष की तृतीया रहेगी। ज्योतिष परंपराओं में आषाढ़ माह सूर्य उपासना का महीना माना जाता है। इस माह में गर्मी भी पड़ती है और बारिश का दौर भी शुरू हो जाता है। यह माह 12 जून से 10 जुलाई तक रहेगा। इस महीने में जल देवता की उपासना का भी महत्व है। ज्योतिषी जितेंद्र पोपा गुरु ने बताया कि ऊर्जा के स्तर को संयमित रखने के लिए आषाढ़ में सूर्य की उपासना की जाती है। दूसरी ओर इस महीने के प्रमुख व्रत त्योहारों में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा प्रमुख है। साथ ही देवशयनी एकादशी 6 जुलाई भी इसी माह में आती है। इसके कारण चार माह तक मांगलिक कार्य पर प्रतिबंध रहता है। देवउठनी एकादशी 1 नवंबर के बाद ही मांगलिक कार्य दुबारा से शुरू होते हैं। दूसरी ओर इस माह में कई व्रत और त्योहारों के साथ ही जैन समुदाय के संतों का चातुर्मास भी शुरू होता है। पंडितों के अनुसार इस माह में भगवान विष्णु और सूर्य की पूजा करने से परिवार में बीमारियां कम होती हैं और उम्र बढ़ती है। स्कंद और पद्म पुराण के अनुसार सूर्य को देवताओं की श्रेणी में रखा गया है। उन्हें भक्तों को प्रत्यक्ष दर्शन देने वाला भगवान भी कहा जाता है। इसलिए आषाढ़ महीने में सूर्यदेव को जल चढ़ाने से विशेष पुण्य मिलता है। वाल्मिकी रामायण के मुताबिक प्रभु श्रीराम ने सबसे पहले सूर्य की पूजा की थी। बता दें कि सूर्य की पूजा करने से आत्मविश्वास बढ़ता है। सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। कई ऋषियों ने सूर्य उपासना कर दिव्य ज्ञान भी प्राप्त किया है। इसके लिए तांबे के लोटे में जल भरें और चावल, फूल डालकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। आषाढ़ : प्रमुख व्रत-त्यौहार 14 जून : संकट गणेश चतुर्थी। 15 जून : सूर्य मिथुन संक्रांति। 21 जून : योगिनी एकादशी। 23 जून : प्रदोष व्रत, मास शिवरात्रि। 24 जून : रोहिणी व्रत। 25 जून : अमावस्या, आषाढ़ अमावस्या। 26 जून : गुप्त नवरात्रि आरंभ, चंद्र दर्शन। 27 जून : जगन्नाथ रथयात्रा। 06 जुलाई : आषाढ़ी एकादशी, देवशयनी एकादशी। 08 जुलाई : भौम प्रदोष व्रत, जया पार्वती व्रत प्रारंभ। 10 जुलाई : पूर्णिमा, गुरु पूर्णिमा, सत्य व्रत।