ओडिशा में 2 युवकों का आधा सिर मूंडा, घास खिलाई:गो-तस्करी के शक में पीटा; राहुल बोले- दलितों की गरिमा कुचलने वाली हर घटना संविधान पर हमला

ओडिशा के गंजाम जिले में गो-तस्करी के शक में दो दलित युवकों को बुरी तरह पीटा गया। उनका आधा सिर मुंडवाया गया। उन्हें घुटनों के बल रेंगने, घास खाने और नाली का पानी पीने के लिए मजबूर किया गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।घटना रविवार को खारिगुमा गांव में हुई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक सिंगीपुर गांव के रहने वाले बबुला नायक और बुलु नायक हरिऔर से दो गाय और एक बछड़ा अपने गांव ले जा रहे थे। खारिगुमा गांव में गो-रक्षकों ने उन्हें रोका। उनसे 30 हजार रुपए मांगे। मना करने पर पीटा। सैलून ले जाकर आधा सिर मुंडवाया। उन्हें एक किमी तक घुटनों के बल रेंगने पर मजबूर किया। घास खिलाई गई। नाली का पानी पिलाया गया। राहुल गांधी बोले- दलितों की गरिमा कुचलने वाली घटना संविधान का अपमान घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'भाजपा शासित राज्यों में ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं क्योंकि उनकी राजनीति नफरत और भेदभाव पर आधारित है। दलित युवकों को घुटनों के बल चलने, घास खाने और गंदा पानी पीने के लिए मजबूर करना न केवल अमानवीय है बल्कि मनुवादी सोच की बर्बरता है। दलितों की गरिमा को कुचलने वाली हर घटना बाबा साहब के संविधान पर हमला है। समानता, न्याय और मानवता के खिलाफ एक साजिश है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं।' पुलिस ने FIR दर्ज की, 9 को गिरफ्तार किया आरोपियों के खिलाफ धारकोट थाने में FIR दर्ज कराई गई है। अब तक 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है, बाकियों की तलाश जारी है। गंजाम SP सुवेंदु कुमार पात्र ने पुष्टि की है कि जांच चल रही है। दोनों पीड़ितों का इलाज धारकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि हमलावरों का मकसद गो-संरक्षण नहीं, बल्कि जबरन वसूली था। ओडिशा से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें... ओडिशा के गोपालपुर बीच पर छात्रा से गैंगरेप, इंटरनेट पर फोटो डालने की धमकी भी दी थी; 8 आरोपी गिरफ्तार पिछले दिनों ओडिशा के गंजाम जिले में ही गोपालपुर बीच पर एक कॉलेज छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी। छात्रा अपने पुरुष मित्र के साथ बीच पर घूमने गई थी, जहां करीब 10 अज्ञात युवकों ने उन पर हमला किया और छात्रा के साथ गैंगरेप किया। पढ़ें पूरी खबर... ओडिशा में रेप के आरोपी की हत्या, शव जलाया: जंगल से हड्डियां और राख बरामद; 8 महिलाओं समेत 10 गिरफ्तार ओडिशा के गजपति जिले में 60 साल के रेप के आरोपी की हत्या करके शव जला दिया गया। पुलिस ने 10 लोगों को अरेस्ट किया है, जिसमें 8 महिलाएं और दो पुरुष हैं। पुलिस ने बताया कि, जिन महिलाओं को पकड़ा गया है, वे सभी यौन शोषण का शिकार हुईं थीं। पूरी खबर पढ़ें...