अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर 15 किमी लंबा जाम:सूरत में गर्भवती का रेस्क्यू, राजस्थान में बैराज पर युवक एक्सरसाइज करते दिखे; बारिश के VIDEOS

मानसून देश के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर चुका है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात में बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं। अहमदाबाद में बारिश के पानी के बहाव में आकर एक बाइक सवार ड्रेनेज लाइन में फंस गया। 9 घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया। सूरत का गीतानगर इलाका 3 से 4 फीट पानी में डूबा हुआ है। यहां तबीयत बिगड़ने के बाद एक गर्भवती महिला को फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। वहीं वडोदरा में भारी बारिश के चलते अहमदाबाद-मुंबई हाईवे पर 15 किमी लंबा जाम लग गया। उधर हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के होरनगढ़ गांव में बादल फटने के एक दिन बाद राहत कार्य जारी है। यहां कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। 1. अहमदाबाद-मुंबई NH पर 15 किमी लंबा जाम वडोदरा में गुरुवार को बारिश हुई। शहर के नजदीक से गुजरने वाले अहमदाबाद-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम्बुवा ब्रिज रोड पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण 15 किमी लंबा जाम लग गया। 2. सूरत में बाढ़ में गर्भवती महिला का रेस्क्यू सूरत में भी लगातार तीसरे दिन गुरुवार को बाढ़ के हालात हैं। गीतानगर इलाका 3 से 4 फीट पानी में डूबा हुआ है। यहां तबीयत बिगड़ने के बाद एक गर्भवती महिला काे फायर बिग्रेड टीम ने रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। 3. राजस्थान में बैराज पर युवाओं का स्टंट राजस्थान के कोटा बैराज में कुछ युवा तेज बहाव वाले पानी में एक्सरसाइज करते दिखे। राजस्थान में मानसून जून का कोटा पूरा कर चुका है, लेकिन अब भी बारिश का दौर जारी है। बांसवाड़ा में बीते 24 घंटे में करीब 8 इंच बारिश हुई। 4. नवसारी में बाढ़ में डूबा प्राइमरी स्कूल गुजरात के नवसारी में बुधवार को रात भर हुई बारिश के कारण चिखली तालुका के अमधरा गांव में बाढ़ आ गई। जिसके चलते प्राइमरी स्कूल में पानी भर गया। स्कूल का फर्नीचर और ब्लैकबोर्ड पानी में डूब गया। 5. कुल्लू में बादल फटने से NHPC प्रोजेक्ट को नुकसान हिमाचल में कुल्लू के जीवा नाला में बादल फटने से सैंज घाटी में एनएचपीसी के प्रोजेक्ट को नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कुल्लू और कांगड़ा में 5 जगह बादल फटने से नदी-नालों में बाढ़ आ गई थी। इसमें 9 से ज्यादा लोग लापता हो गए थे। 6. केदारनाथ रूट पर 1269 टूरिस्ट का रेस्क्यू केदारनाथ रूट में भारी बारिश से भूस्खलन हुआ। सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग बंद हो गया। यहां कई यात्री फंसे हैं। NDRF, SDRF और DDRF की टीम ने 1269 टूरिस्ट को रेस्क्यू किया। मार्ग को ठीक करने का काम जारी है। 7. जम्मू-कश्मीर के डोडा में कार मलबे में फंसी जम्मू-कश्मीर के डोडा भद्रवाह रास्ते पर प्रानू के पास अचानक बाढ़ आने से वाहन फंस गए। एक कार और स्कूटी मलबे में दब गई। वहीं जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर तक जाने वाला नया मार्ग भी बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड से बंद हो गया। 8. गुजरात में मंदिर पानी में डूबा गुजरात में नवसारी के चिखली में तेज बारिश के चलते कावेरी नदी उफान पर है। तट पर स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में आधा डूब गया है। 9. हिमाचल प्रदेश में क्रेन खाई में गिरी हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अचानक आई बाढ़ के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और भारी वाहन बह गए। एक क्रेन गहरी खाई में गिरी नजर आई। 10. अहमदाबाद में ड्रेनेज में गिरा युवक, मौत बारिश के पानी के बहाव में एक बाइक सवार ड्रेनेज लाइन में फंस गया। दमकल विभाग ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ड्रेनेज लाइन से 200 फीट दूर उसका शव बरामद किया। इस सीजन में अब तक शहर में 6:03 इंच बारिश हो चुकी है। 11. यूपी में सहरसा नदी में बाढ़ आई, ट्रैक्टर फंसा यूपी के सहारनपुर में बारिश के बाद सहरसा नदी में बाढ़ आ गई है। पुल के ऊपर से पानी तेजी से बह रहा है। एक ट्रैक्टर नदी पार करते समय फंस गया। लोगों ने रेस्क्यू कर ट्रैक्टर पर सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।