RCB ₹17 हजार करोड़ में बिक सकती है:दावा- मैकडॉवल्स व्हिस्की बनाने वाली कंपनी टीम बेच रही; IPL जीतने के बाद बढ़ी कीमत

RCB ₹17 हजार करोड़ में बिक सकती है:दावा- मैकडॉवल्स व्हिस्की बनाने वाली कंपनी टीम बेच रही; IPL जीतने के बाद बढ़ी कीमत
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की चैंपियन बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम बिक सकती है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक मैकडॉवल्स व्हिस्की बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट लिमिटेड (USL) इसे 2 अरब डॉलर यानी करीब 17 हजार करोड़ रुपए में बेचने पर विचार कर रही है। पहले USL विजय माल्या की कंपनी थी। माल्या के दिवालिया होने पर इसे ब्रिटिश लिकर कंपनी डियाजियो ने खरीद लिया। डियाजियो ही RCB की मालिक हो गई। क्यों बिक रही है RCB? IPL के इतिहास में सबसे बड़ा सौदा होगा अगर डियाजियो RCB को बेचने का फैसला करती है, तो ये IPL के इतिहास का सबसे बड़ा सौदा होगा। जब IPL में दो नई टीमें (लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स) जोड़ी गई थीं, तब लखनऊ को RPSG ग्रुप ने 7,090 करोड़ रुपए में और गुजरात को CVC कैपिटल ने 5,625 करोड़ रुपए में खरीदा था। ये अब तक की सबसे बड़ी फ्रैंचाइजी खरीद डील्स मानी जाती हैं। 2 बिलियन डॉलर यानी, करीब 17,000 करोड़ रुपए की RCB की वैल्यूएशन लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स की खरीद से कहीं ज्यादा है। ब्रिटिश कंपनी ने विजय माल्या से खरीदी थी RCB पहले इस टीम के मालिक शराब कारोबारी विजय माल्या थे, लेकिन 2016 में जब माल्या मुश्किल में फंसे, तो डियाजियो ने उनकी शराब कंपनी के साथ-साथ RCB को भी खरीद लिया। RCB को 2008 में विजय माल्या ने 111.6 मिलियन डॉलर में खरीदा था। उस समय के हिसाब से रुपए में ये रकम करीब 476 करोड़ रुपए थी। ये उस समय दूसरी सबसे महंगी IPL टीम थी। माल्या की कंपनी USL के जरिए RCB का मालिकाना हक था। 2014 में डियाजियो ने USL में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी और 2016 तक माल्या के बाहर होने के बाद RCB की पूरी मालकियत डियाजियो के पास आ गई। अभी RCB का संचालन USL की सब्सिडियरी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (RCSPL) करती है। अब तीन जरूरी सवालों के जवाब... सवाल 1: क्या RCB की पूरी हिस्सेदारी बिक रही है? जवाब: ब्रिटिश शराब कंपनी डियाजियो हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेगी या पूरी टीम ये अभी फाइनल नहीं है। अभी वो सलाहकारों से बात कर रही है। अगर डियाजियो RCB को रखती है, तो उसे सख्त विज्ञापन नियमों से जूझना पड़ेगा। साथ ही, RCB को मैनेज करने में खर्च और ब्रांडिंग की चुनौतियां बढ़ेंगी। सवाल 2: RCB को कौन खरीद सकता है? जवाब: अभी कोई नाम सामने नहीं आया है, लेकिन 2 बिलियन डॉलर की वैल्यू के साथ बड़े कारोबारी घराने, निवेशक, या ग्लोबल स्पोर्ट्स फर्म्स इसमें दिलचस्पी दिखा सकते हैं। 2015 में JSW ग्रुप ने RCB खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन डील नहीं हुई थी। सवाल 3: क्या RCB की बिक्री से फैन बेस प्रभावित होगा? जवाब: नहीं, बिल्कुल नहीं। RCB का मैदान पर खेल और फैन बेस खासकर विराट कोहली के फैंस वही रहेंगे। ये सिर्फ मालिकाना हक का मामला है। नए मालिक कोई बड़ा कारोबारी या निवेशक हो सकते हैं, लेकिन टीम का जोश और ब्रांड वैल्यू वैसी ही रहेगी। --------------------------- ये खबर भी पढ़ें... माल्या बोले- जेटली को बताया था जा रहा हूं:मैं भगोड़ा नहीं, मुझे चोर कहना गलत; 6200 करोड़ के बदले बैंकों ने 14000 करोड़ वसूले 2 मार्च 2016 को जेनेवा में FIA मीटिंग के लिए लंदन जा रहा था। मैंने तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली को बताया कि मैं जा रहा हूं। लेकिन पासपोर्ट रद्द होने से मैं लंदन में ही अटक गया। मैं भगोड़ा नहीं, यह कोई एस्केप प्लान नहीं था। मुझे चोर कहना गलत है। पूरी खबर पढ़ें