वर्ल्ड अपडेट्स:चीन के केमिकल प्लांट में बड़ा धमाका, 5 लोगों की मौत, 6 लापता

चीन के पूर्वी प्रांत शेडोंग के गाओमी शहर में मंगलवार को शेडोंग यूडाओ केमिकल प्लांट में एक बड़े धमाके से 5 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग लापता हैं। लोकल अधिकारियों के मुताबिक, धमाके से आसमान धुएं से भर गया और आसपास की इमारतें डैमेज हो गईं। अभी तक धमाके की वजह स्पष्ट नहीं है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि 19 अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। रेस्क्यू टीम की 55 गाड़ियां और 232 वर्कर्स को मौके पर पहुंच गए हैं। धमका इतना तेज था कि आसपास के करीब 3.5 किलोमीटर तक तेज आवाज सुनाई दी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें... नेपाली शेरपा ने रिकॉर्ड 31वीं बार एवरेस्ट फतह किया, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा नेपाल के अनुभवी पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने मंगलवार को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर रिकॉर्ड 31वीं बार सफलतापूर्वक चढ़ाई की। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। 54 साल के कामी को एवरेस्ट मैन के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने पहली बार 1994 में एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। इसके बाद से वे लगभग हर साल यहां जाते हैं। वे 31 साल में 31 बार दुनिया की सर्वश्रेष्ठ चोटी पर चढ़ाई कर चुके हैं। पर्यटन के जरिए करोड़ों की कमाई इस सीज़न नेपाल सरकार ने पर्वतारोहियों को कुल 1,100 से अधिक परमिट जारी किए, जिनमें 458 परमिट सिर्फ एवरेस्ट के लिए थे। इन परमिट्स से सरकार को 5 मिलियन डॉलर (लगभग ₹41 करोड़) से अधिक की कमाई हुई है। नेपाल में दुनिया की 10 सबसे ऊंची चोटियों में से आठ हैं। ब्रिटिश पर्वतारोही ने भी रचा इतिहास इस महीने की शुरुआत में ब्रिटेन के केन्टन कूल ने भी 19वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। यह किसी गैर-नेपाली व्यक्ति की सबसे ज्यादा चढाइयों का रिकॉर्ड है। नेपाली शेरपा ने 15 दिन में 4 बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की, कायम किया रिकॉर्ड नेपाली शेरपा पर्वतारोही ताशी ग्यालजेन ने सिर्फ 15 दिनों में चार बार माउंट एवरेस्ट की चोटी पर चढ़कर एक नया रिकॉर्ड कायम है। 29 साल के ताशी ने इस साल 9, 14, 19 और 23 मई को एवरेस्ट की चढ़ाई की। उन्होंने 23 मई को चौथी बार एवरेस्ट की चोटी पर कदम रखा। ताशी ने बताया कि उनकी पहली चढ़ाई सबसे मुश्किल रही थी। बाकी की चढ़ाई थोड़ी आसान रही। ताशी ने बताया कि इसके लिए वे पिछले दो साल से प्लानिंग कर रहे थे। आखिरकार 2025 में उन्हें सफलता मिली। ताशी ने 2017 में ट्रेकिंग गाइड के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 2019 में वे पहली बार एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे थे। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चला है कि उन्होंने कितनी बार एवरेस्ट की चढ़ाई की है। बलूचिस्तान में पोलियो टीम की सुरक्षा कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला, 1 की मौत पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के नुश्की में मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने पोलियो टीकाकरण टीम की सुरक्षा कर रहे पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया, जबकि दूसरा घायल हो गया। हमले के बाद नुश्की में चल रहा पोलियो टीकाकरण अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। पाकिस्तान ने सोमवार को पोलियो के खिलाफ तीसरा राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू किया था, जिसका मकसद 5 साल से कम उम्र के 4.5 करोड़ बच्चों को पोलियो का टीका लगाना है। यह अभियान 2025 के अंत तक देश को पोलियो मुक्त बनाने का एक बड़ा कदम है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने इस हमले को राष्ट्रीय अभियान को नुकसान पहुंचाने और लोगों में डर फैलाने की साजिश बताया। उन्होंने कहा, "पोलियो अभियान हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है, और इसे रोकने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषियों को जल्द पकड़ने का वादा किया। पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के इकलौते देश हैं जहां पोलियो अब भी एक समस्या है। आतंकवादी लंबे समय से पोलियो टीकाकरण टीमों और उनकी सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों पर हमले करते रहे हैं। अप्रैल में भी बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीमों की सुरक्षा पर हमले हुए थे, जिनमें कई पुलिसकर्मी शहीद हुए। पिछले साल 2024 में पाकिस्तान में पोलियो के 74 मामले सामने आए, जबकि 2023 में सिर्फ 6 मामले थे। इस साल 2025 में अब तक 9 मामले दर्ज हुए हैं। अमेरिका ने विदेशी छात्रों के चेतावनी दी, बिना बताए पढ़ाई छोड़ी तो वीजा रद्द अमेरिका ने भारतीय और दूसरे विदेशी छात्रों को चेतावनी दी है कि अगर वे बिना बताए पढ़ाई छोड़ते हैं, क्लास अटेंड नहीं करते या फिर अपना कोर्स बीच में छोड़ देते हैं, तो उनका स्टूडेंट वीजा रद्द किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्हें आगे कभी भी अमेरिका का वीजा नहीं मिलेगा। इस चेतावनी के बाद भारत में अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि किसी भी परेशानी से बचने के लिए वीजा की शर्तों का पालन करना जरूरी है और छात्र का दर्जा बनाए रखना चाहिए। हाल ही में अमेरिका ने बिना किसी चेतावनी के कई छात्रों के वीजा रद्द कर दिए हैं। इसके पीछे अलग-अलग कारण रहे हैं। कभी फिलिस्तीन के समर्थन में प्रदर्शन, तो कभी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन। कई बार छात्रों और उनके कॉलेजों को भी नहीं पता होता कि उनका नाम अमेरिकी सिस्टम SEVIS से हटा दिया गया है। यह एक सरकारी ऑनलाइन सिस्टम है जो विदेशी छात्रों की जानकारी रिकॉर्ड करता है। भारतीय और दूसरे विदेशी छात्र इस बात से भी डरे हुए हैं कि अमेरिका की सरकार OPT प्रोग्राम को बंद करने की योजना बना रही है। यह प्रोग्राम छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में काम करने की अनुमति देता है। ट्रम्प सरकार में नामित एक अधिकारी ने कहा है कि वह OPT और STEM OPT दोनों को खत्म करना चाहते हैं। इसके लिए 2025 का एक नया कानून भी लाया गया है। इस सबका असर यह है कि छात्रों में डर और भ्रम की स्थिति बन गई है। ईरान में जज की हत्या, चाकू मारकर फरार हुए अपराधी ईरान के शिराज शहर में मंगलवार सुबह एक जज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब जज अपने काम पर जा रहे थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह एक आतंकी हमला था। मारे गए जज का नाम एहसुम बाघेरी था, जिनकी उम्र 38 साल थी। उन पर दो अज्ञात लोगों ने हमला किया और हमलावर वहां से भाग निकले। बाघेरी शिराज के न्याय विभाग में जज के रूप में काम करते थे और पहले सुरक्षा और ड्रग तस्करी जैसे मामलों की सुनवाई करते थे। फिलहाल किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह ईरान में पहली बार नहीं हुआ है। पहले भी जजों की हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। माइक्रोसॉफ्ट और जूम से नाराज हुए पुतिन, लगाया देश विरोधी रुख का आरोप रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों माइक्रोसॉफ्ट और जूम पर रूस के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियों को रूस में नहीं आने देना चाहिए। पुतिन ने यह बयान मॉस्को में कारोबारियों के साथ एक बैठक के दौरान दिया। पुतिन ने कहा, "हम उन प्लेटफॉर्म्स को बर्दाश्त नहीं कर सकते जो हमारी संप्रभुता को कमजोर करते हैं। हमें इन्हें रोकना होगा।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि रूस को अपनी खुद की सॉफ्टवेयर कंपनियों को बढ़ावा देना चाहिए ताकि विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम हो। रूस और यूक्रेन के 2022 में जंग शुरू होने के कारण माइक्रोसॉफ्ट और जूम जैसी कंपनियों ने 2022 में रूस में अपनी सेवाएं सीमित कर दी थीं। इस बीच पुतिन ने साफ किया कि रूस उन कंपनियों का स्वागत नहीं करेगा जो पहले देश छोड़कर गईं और अब वापस आना चाहती हैं। उन्होंने मैकडॉनाल्ड्स का उदाहरण देते हुए कहा, "हम उनके लिए रास्ता नहीं बनाएंगे।" फिलाडेल्फिया के फेयरमाउंट पार्क में गोलीबारी, 2 नाबालिगों की मौत, 8 घायल अमेरिकी राज्य फिलाडेल्फिया के मशहूर फेयरमाउंट पार्क में हुई एक गोलीबारी में दो नाबालिगों की मौत हो गई और कम से कम आठ लोग घायल हो गए। यह घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे लेमन हिल ड्राइव पर हुई, जब बड़ी संख्या में लोग पार्क में समय बिता रहे थे। CBS न्यूज ने पुलिस के हवाले से बताया कि यह गोलीबारी एक कार मीट-अप के बाद हुई। अफरातफरी के बीच एक व्यक्ति कार की चपेट में आ गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले रविवार को साउथ कैरोलिना के लिटिल रिवर इलाके में गोलीबारी हुई थी। इस में 11 लोग घायल हो गए थे। 26 मई के वर्ल्ड अपडेट्स के लिए यहां पढ़ें...