महिला को झांसा देकर जेवरात लेकर भागे बदमाश:दोनों ने बातों में उलझाया, पैसों के नाम पर हाथों में कागज का बंडल दिया

अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में महिला के डेढ़ तोला गहने उतरवाने का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने महिला को बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पीड़िता ने आदर्श नगर थाने में इसकी शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पालरा निवासी मदीना पत्नी शरीफ ने बताया- वह घर से मजदूरी पर जा रही थी। आदर्श नगर पुलिया के नीचे दो बदमाश पीछे पड़ गए। एक ने दूसरे का भूखा होने और उसे खाना खिलाने को लेकर बातों में उलझाने लग गया। इस बीच बदमाशों ने उसे एक बंडल में पैसे होने का झांसा भी दिया। बाद में दोनों बदमाश महिला को मंदिर के बाहर बेसुध कर डेढ़ तोला गहने उतरवा लिए और हाथों में कागज का बंडल पकड़वा दिया। पीड़ित महिला ने बताया- बार-बार अपने साथी को भूखा बताकर रोटी खिलाने की बात पर झांसा देते रहे। महिला ने बताया कि उसने 26 साल से मजदूरी कर अपने बच्चों को पाल रही है। इसकी शिकायत उन्होंने आदर्श नगर थाने में दी है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया है। टीम की ओर से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।