दौसा में बारिश से मौसम हुआ सुहाना:घने बादल छाने से सूरज की लुकाछिपी जारी; गर्मी से मिली राहत

दौसा में बारिश से मौसम हुआ सुहाना:घने बादल छाने से सूरज की लुकाछिपी जारी; गर्मी से मिली राहत
दौसा जिले में पिछले कई दिनों से मौसम पूरी तरह सुहाना बना हुआ है। बुधवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, सुबह 10 बजे बाद भी धूप भी नहीं निकली। यहां मंगलवार रात जिले के कई इलाकों में रिमझिम बारिश का दौर रुक-रुक कर कई घंटे तक चला, इससे मौसम में ठंडक घुल गई। साथ में ठंडी हवाओं ने अलसुबह लोगों को गुनगुनी सर्दी का एहसास कराया। बांदीकुई, दौसा, महवा और सिकराय क्षेत्र के गांवों में लगातार दूसरे दिन हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में नमी के चलते लोगों को आधी रात बाद तो एसी-कूलर बंद करने पड़े, जबकि पंखे की हवा ने ठंड महसूस कराई। जिले में मौसम सुहाना होने के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जिले में बुधवार का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री, सोमवार को अधिकतम 35 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और रविवार को अधिकतम 33 और न्यूनतम 30 डिग्री रहा था। ऐसे में एवरेज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब स्थिर बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है 6 जून तक बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से गर्मी से राहत मिलने के साथ अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। साथ में अंधड़ के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। जबकि 7 जून के बाद तापमान में बढ़ोतरी होना बताया जा रहा है। जिससे एक बार फिर गर्मी का असर देखने को मिलेगा।