तीन महिला समेत चार नक्सलियों का एनकाउंटर:बालाघाट में पुलिस से मुठभेड़, घायल नक्सली जंगल में भागे; 600 से ज्यादा जवान सर्चिंग में जुटे

बालाघाट में पुलिस ने एक मुठभेड़ में तीन महिला समेत चार नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ शनिवार दोपहर में बिठली पुलिस चौकी क्षेत्र के पचामा दादर के जंगल में हुई। हॉक फोर्स और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि- जीआरबी डिवीजन के नक्सलियों के एक समूह की मौजूदगी के बारे में पता चला था। इसके बाद हॉकफोर्स, जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ, सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने और उनके हथियार लूटने की मंशा से नक्सलियों ने जंगल में सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी फायरिंग की। इसमें 4 हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल
नक्सलियों के पास से एक ग्रेनेड लॉन्चर, एसएलआर राइफल, दो .315 राइफल, गोलाबारूद, वॉकी-टॉकी सेट और नक्सल साहित्य बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सली के घायल होने की खबर है, जो घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए हैं। नक्सलियों की तलाशी के लिए हॉकफोर्स, सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के 600 से ज्यादा जवानों को क्षेत्र में बड़े स्तर पर सर्चिंग अभियान में भेजा गया है। सीएम बोले- पुलिसकर्मियों को करेंगे पुरस्कृत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट में आज मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया गया है। जिसमें 3 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। उनके पास से कई हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। प्रदेश सरकार इस घटना में अच्छे परिणाम लाने वाले पुलिसकर्मियों को जरूर पुरस्कृत करेगी। फरवरी में 4 महिला नक्सली मारी गई थीं
इससे पहले 19 फरवरी को भी बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। कान्हा के वनक्षेत्र सूपखार में रौंदा फारेस्ट कैंप के पास हुई मुठभेड़ में 4 महिला नक्सली मारी गई थीं। इनमें आशा, शीला, रंजीता और लख्खे मरावी शामिल थीं। इन पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम था। ये 2015-16 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थीं। बालाघाट जिला पिछले दो दशक से नक्सली समस्या से जूझ रहा है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। ये खबर भी पढ़ें- एमपी में मुठभेड़ में 4 महिला नक्सली ढेर बालाघाट के गढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुठभेड़ में 4 हार्ड कोर महिला नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। सभी कान्हा भोरमदेव एबी डिवीजन खटिया मोर्चा दलम की नक्सली थी। कमांडर आशा सहित अन्य महिला नक्सली भी वर्दीधारी थी। कमांडर आशा पर 14 लाख का इनाम था। पढ़े पूरी खबर...