अंतरराष्ट्रीय योग दिवस:हर शिक्षक की भागीदारी अनिवार्य, छुटि्टयों में दूसरे जिले में गए हैं तो घर के नजदीकी स्कूल के कार्यक्रम में जाना होगा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक दशक पूरा होने पर इस बार का योग दिवस बड़े योग उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को दी गई है। अन्य विभागों में भी योग दिवस पर विभिन्न् गतिविधियां होंगी। इसके लिए नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। शिक्षा विभाग के नए निर्देशों के अनुसार अब सभी शिक्षकों को योग दिवस आयोजन में भाग लेना होगा। कोई शिक्षक दूसरे जिले का निवासी है या पदस्थापन संस्था से दूरी वाले स्थान पर है और ग्रीष्मावकाश में अपने घर चले गए हैं तो उन्हें वहीं पर नजदीकी स्कूल में जाकर योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेना होगा। नोडल अधिकारी इसकी सूचना उच्च स्तर पर भेजेंगे। साथ ही आयुष मंत्रालय के पोर्टल पर भी पंजीकृत कर अपडेट किया जाएगा। स्कूल के आसपास एरिया में रहने वाले शिक्षकों को अपने पदस्थापन वाले विद्यालय में ही आना होगा। इस बार 11वें योग दिवस के मौके पर पंचायत, ब्लॉक, जिला से लेकर राज्य स्तर तक कार्यक्रम होंगे । सुबह 7 से 8 बजे तक योग क्रियाओं के साथ अन्य गतिविधियां करानी होंगी। प्रदेश की सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कार्यक्रम कराने होंगे। उसी दिन अलग अलग जिलों के नोडल अधिकारी अपने जिला शिक्षा अधिकारियों को योग दिवस आयोजन के फोटो और वीडियो भेजेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी 20 फोटो और 5 वीडियो के साथ एक रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेजेंगे। उसमें यह बताना होगा कि जिले में कुल कितने स्कूल हैं, इनमें से कितने में कार्यक्रम हुए। इस दौरान कितने विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। योग महोत्सव को लेकर आयुष मंत्रालय कई बैठकें कर चुका है। तैयारियां करीब तीन महीने से चल रही हैं। प्रदेश में करीब एक लाख स्कूल है। इनमें 65 हजार स्कूल प्राथमिक शिक्षा के और बाकी 35 हजार स्कूल माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत हैं। इस बार की थीम... एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य इस बार योग दिवस की थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य रखा गया है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने भारत के प्रस्ताव पर 11 दिसंबर 2014 को हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। पहला योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया था। इस बार 11वां योग दिवस मनाया जाएगा। देश भर में एक लाख स्थानों पर सामूहिक योग का आयोजन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। साथ ही एक हजार योग पार्क बनाए जाएंगे। एक हजार संगठनों की भागीदारी तय हो गी। दस जगह एक सप्ताह तक योग के कार्यक्रम होंगे।