राजस्थान का जवान जम्मू कश्मीर में लापता:पहलगाम हमले के बाद छुट्टी कैंसिल कर लौटे थे, 9 जून को वापस घर आना था

राजस्थान का जवान जम्मू कश्मीर में लापता:पहलगाम हमले के बाद छुट्टी कैंसिल कर लौटे थे, 9 जून को वापस घर आना था
राजस्थान का जवान 2 जून से जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर से लापता है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले लांस नायक अशोक कुमार की 31 मई को परिवार से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। लांस नायक अशोक, राजपूत रेजिमेंट के 4 राजपूत यूनिट में तैनात थे। अशोक के बड़े भाई ओमप्रकाश जम्मू कश्मीर के प्रगवाल थाना (अखनूर) में भाई अशोक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दी है। उनकी 2 राजपूत यूनिट में तैनाती है। जवान के पिता रामकुमार रावत ने बताया-अशोक अप्रैल में 2 महीने की छुट्टी के लिए गांव आए थे। मगर पहलगाम हमले के बाद अशोक 1 मई को छुट्टी छोड़कर ड्यूटी पर लौट गए। इसके बाद 9 जून को उनकी छुट्टी तय थी। पूरा परिवार उनका बेसब्री से लौटने का इंतजार कर रहा था। 31 मई को अशोक कुमार ने आखिरी बार वीडियो कॉल पर परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह 9 जून को वापस छुट्टी पर आएंगे। 2 जून की रात पिता को आया फोन पिता रामकुमार ने बताया- 2 जून की रात 2 बजे यूनिट के सूबेदार ने उन्हें फोन किया और पूछा कि 'लांस नायक अशोक घर पहुंच गए क्या ?। इस पर परिजनों ने उनके नहीं आने की सूचना दी। इस पर सूबेदार की ओर से कहा गया कि अगर अशोक घर पहुंच जाएं तो तत्काल जानकारी दी जाए'। भाई को 2 जून की शाम को मिल गई थी सूचना अशोक के भाई ओमप्रकाश ने बताया-2 जून की शाम को यूनिट अधिकारियों से सूचना मिली कि अशोक दोपहर को 11:30 से 12:30 के बीच लापता हो गया है। इसके बाद उसे फोन किए मगर उसका फोन बंद आ रहा है। सभी रिश्तेदारों के यहां भी चेक किया गया। मगर अशोक वहां नहीं पहुंचा। भाई का पता नहीं चलने पर 3 जून को प्रगवाल थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। 6 महीने के अंतराल में भर्ती हुए थे दोनों भाई ओमप्रकाश ने बताया कि साल 2015 में वे सेना में भर्ती हुए थे। इसके 6 महीने बाद ही उनका भाई अशोक भी सेना में भर्ती हो गया था। दोनों भाई लांस नायक के पद पर तैनात हैं। लांस नायक अशोक की पत्नी शीला ने बताया-31 मई की रात को पूरे परिवार से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। 2 जून को फोन लगाया तो फोन बंद आ रहा था। 10 जून तक वे घर आने के लिए बोल रहे थे। मगर अब उनसे कोई संपर्क नहीं है। यूनिट की ओर से भी कोई संतोषप्रद जबाव नहीं मिल रहा है। अशोक के बुआ के बेटे मनोज कुमार ने बताया-अशोक का एक 6 महीने के बेटा है। वहीं ढाई साल की एक बेटी है। अशोक का बड़ा भाई ओमप्रकाश भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वहीं पिता रामकुमार एक किसान हैं।