महिला ने पीहर फोन किया, बाप-बेटे को मार डाला:घरवालों से की थी मारपीट की शिकायत, दोनों की पीट-पीट कर हत्या

दौसा में पिता-पुत्र की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने घर फोन कर ससुराल में प्रताड़ित होने की शिकायत की थी। मामला जिले के पापदड़ा थाना क्षेत्र के खवारावजी के पास जोध्या की ढाणी का है। शुक्रवार देर रात 11 बजे घनश्याम बैरवा (32) और उसके पिता थान्याराम बैरवा (70) का मर्डर किया था। जिसकी जानकारी शनिवार सुबह करीब 8 बजे बाद मिली। अभी मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है और शव उठाने से इनकार कर दिया है। घनश्याम की पत्नी ने पीहर में फोन कर की थी शिकायत लालसोट एएसपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि घनश्याम और निर्मला के बीच आपसी विवाद होता रहता था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। निर्मला का पीहर लीखली गांव में है। इस पर निर्मला ने अपने भाई और अन्य परिजनों को फोन कर शिकायत कर विवाद और प्रताड़ित करने की बात कही। इस पर निर्मला के घर वाले वहां पहुंचे। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ। निर्मला को जब वापस ले जाने लगे तो पीहर पक्ष के लोगों ने घनश्याम और उसके पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी। एएसपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवा दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज करवाया जाएगा। सुबह लोग पहुंचे तो पता चला जोध्या की ढाणी जहां मर्डर हुआ है वहां आस-पास दो से तीन परिवार ही रहते है। रात में हुए घटनाक्रम की किसी को खबर तक नहीं लगी। सुबह 8 बजे के करीब जब ढाणी के लोग थान्याराम बैरवा के घर के पास पहुंचे तो पता चला कि दोनों का मर्डर हो गया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इस पर लालसोट से एएसपी लालसोट दिनेश अग्रवाल और नांगल डिप्टी एसपी चारुल गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। हैं। डबल मर्डर की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया तो लोगो ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। अभी मौके पर शांति है। मृतक के भाई के मौके पर पहुंचने तक लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया था। लेकिन, समझाइश के बाद लोग माने और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।