परवन वृहद सिंचाई परियोजना के कार्यों को मिलेगी गति:82 छूटे खसरों के लिए 868.25 लाख रुपए की विशेष अनुग्रह राशि मंजूर

परवन वृहद सिंचाई परियोजना के कार्यों को मिलेगी गति:82 छूटे खसरों के लिए 868.25 लाख रुपए की विशेष अनुग्रह राशि मंजूर
बारां जिले में परवन वृहद सिंचाई परियोजना की दाईं मुख्य नहर निर्माण में प्रगति होगी। वित्त विभाग ने छूटे हुए 82 खसरों के मुआवजे के लिए 868.25 लाख रुपए की विशेष अनुदान राशि को मंजूरी दी है। दाईं मुख्य नहर की आरडी 32.00 से 89.40 किलोमीटर के बीच अटरू तहसील के 7 गांवों की भूमि शामिल है। जिसमें अटरू, खुरी, लक्ष्मीपुरा, छैलाबैल, मूंडला, मेरमातालाब और सहरोद शामिल हैं। इन गांवों की कुछ भूमि मूल अवॉर्ड के समय भू-अर्जन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाई थी। दिसंबर 2020 में भूमि की तरमीम पूरी होने के बाद भू-अर्जन की कार्रवाई फिर से शुरू की गई। 23 मार्च 2021 को अटरू नगर पालिका के गठन से यह भूमि नगरीय सीमा में आ गई। इससे मुआवजा राशि का पुनर्निर्धारण नए नियमों के अनुसार करना पड़ा। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत के प्रयासों से वित्त विभाग ने 4 जून 2025 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह राशि नगर पालिका बारां की सीमा और वर्ष 2019-20 की डीएलसी दर के अनुसार तय की गई है। इस निर्णय से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिल सकेगा और दाईं मुख्य नहर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में समयबद्ध जल संरचनाओं का विकास और आमजन को न्याय दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व हो रहे जनकल्याणकारी निर्णयों-कार्यों से प्रदेशवासियों को राहत मिल रही है। इसी क्रम में परवन वृहद परियोजना से प्रभावितों को विशेष अनुग्रह राशि शीघ्र मिलेगी। प्रदेशवासियों से आह्वान है कि विभिन्न जल संरचनाओं के विस्तार में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।