सर्राफा व्यापारी को धमकी-लॉरेंस ग्रुप का शूटर हूं:2 दिन में 20 लाख देने को कहा; मैसेज किया-तेरे घर-परिवार की जानकारी है

सर्राफा व्यापारी को धमकी-लॉरेंस ग्रुप का शूटर हूं:2 दिन में 20 लाख देने को कहा; मैसेज किया-तेरे घर-परिवार की जानकारी है
भरतपुर में ज्वेलर को लॉरेंस गैंग के शूटर के नाम से धमकी मिली है। शूटर ने 20 लाख रुपए की डिमांड की। बोला- लॉरेंस ग्रुप का शूटर हूं, किसी गलतफहमी में मत रहना। मैसेज किया- तेरे परिवार की जानकारी है, तेरे पीछे अपने बंदे लगे हुए हैं। मामला अटलबंद थाना इलाके का है। तिलकधारी ज्वेलर्स के मालिक राजकुमार गोयल ने बताया- मैं कल (शनिवार) वृंदावन गया हुआ था। शाम 6.30 बजे बेटे शेखर का कॉल आया। उसने बताया कि एक धमकी भरा कॉल आया है। उसने मैसेज करके भी धमकी दी है और 20 लाख रुपए की डिमांड की है। बेटे ने बताया कि उसके फोन की बैटरी डाउन थी। इसलिए कॉल पर पूरी बात नहीं हुई। बीच में ही फोन स्विच्ड ऑफ हो गया। इसके बाद कॉलर ने वॉट्सऐप पर एक के बाद एक 5 मैसेज किए। ये मैसेज कल शाम 6.49 बजे किए गए हैं। इनमें लिखा है- लॉरेंस गैंग, तेरे बारे में सब जानते हैं। दो दिन में तुझे पैसा देना है, 20 लाख रुपए। किसी तरह की गलतफहमी में मत रहना। तेरे पीछे अपने बंदे लगे हुए हैं, याद रखना। तेरे घर-परिवार के बारे में सब जानते हैं। मैसेज में लिखा- बाकी तेरी मर्जी ज्वेलर ने बताया- इसके बाद रात 9.50 बजे फिर 2 मैसेज आए। इनमें लिखा था- तेरे घर परिवार के बारे में सब जानकारी है। लॉरेंस गैंग। बाकी तेरी मर्जी। ज्वेलर ने कहा- मैंने बेटे से दोनों स्क्रीन शॉट मांगे। मैसेज पढ़कर हम घबरा गए। सुबह (रविवार) मैं लौटा और हमने 100 नंबर पर पुलिस को कॉल किया, लेकिन लाइन व्यस्त आ रही थी। इसके बाद मैं सर्राफा बाजार गया और साथी व्यापारियों से इस घटना का जिक्र किया। व्यापारी बोले- सुरक्षा मिलनी चाहिए ज्वेलर ने बताया- हम 5-7 व्यापारी मिलकर दोपहर 3 बजे अटलबंद थाने पहुंचे। हम सब व्यापारियों को सुरक्षा मिलनी चाहिए। भरतपुर के बाजार में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। पूरे बाजार को पुलिस की सुरक्षा मिलनी चाहिए। अगर व्यापारी डर कर रहेगा तो कैसे काम चलेगा। ज्वेलर राजकुमार ने बताया- डेढ़ साल पहले भी मुझे लॉरेंस गैंग के नाम से 10 लाख की फिरौती के लिए धमकी मिली थी। जानकारी मिली कि धमकी देने वाले को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उस वक्त मेरे घर पर एक और दुकान पर चार सुरक्षाकर्मी लगाए थे। मेरे मना करने के बाद ही पुलिस ने सुरक्षा घेरा हटाया था। डीएसपी पंकज यादव ने बताया- ज्वेलर राजकुमार गोयल के बेटे शेखर गोयल के फोन पर लॉरेंस ग्रुप के नाम से 20 लाख की फिरौती की धमकी मिलने की शिकायत आई है। इस मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच कर रहे हैं।