निर्जला एकादशी पर ग्यारस माता मंदिर पर मेला, महिलाओं ने सुनीं कथा... पिलाई ठंडाई

निर्जला एकादशी पर ग्यारस माता मंदिर पर मेला, महिलाओं ने सुनीं कथा... पिलाई ठंडाई
भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा निर्जला एकादशी पर शुक्रवार को ग्यारस माता के साथ ही अन्य मंदिरों में भजन-कीर्तन, कथा आदि के आयोजन हुए। कलेक्ट्रेट के पास व पुर स्थित ग्यारस माता मंदिरों पर मेले लगे। श्रद्धालुओं ने ग्यारस माता को शीतल जल की मटकी, फल आदि अर्पण किए। कई महिलाओं ने डीजे की थाप पर नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए भी ठंडाई की व्यवस्था की गई। मंदिरों के साथ ही बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर भी राहगीरों को ठंडाई, मिल्करोज, शर्बत आदि शीतल पेय पिलाया गया। भक्तों ने सुबह से निर्जल-निराहार व्रत-उपवास रखा। शाम को सूर्यास्त के बाद उपवास रखने वालों ने पानी पीने के साथ ही फलाहार किया। इससे पहले सुबह से कलेक्ट्रेट के पास तथा उप नगर पुर स्थित ग्यारस माता मंदिरों में शीतल जल से भरी मटकियां रखने के लिए महिलाओं के पहुंचने का तांता लगा रहने से वहां मेले सा माहौल रहा। इस दिन दानपुण्य व पवित्र सरोवर स्नान के महत्व को देखते हुए लोगों ने पानी मंे गंगाजल मिलाकर स्नान किया तथा भगवान की पूजा-अर्चना की। गायों को चारा और जरूरतमंदों को भोजन कराया। शहर में सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में स्टॉल्स लगाकर ठंडा, मिल्करोज, शर्बत पिलाया गया। कलेक्ट्रेट स्थित ग्यारस माता मंदिर में महंत जमनालाल के सानिध्य व पुजारी राजकुमार के नेतृत्व में भजन-कीर्तन, कार्यक्रम हुए। -जलदाय विभाग ने पिलाया मिल्करोज- निर्जला एकादशी पर वंदे गंगा जल संरक्षण जल अभियान के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की तरफ से शुक्रवार सुबह पुर रोड पर शिव मंदिर के बाहर राहगीरों व मंदिर में दर्शनार्थ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ठंडा पानी व मिल्करोज पिलाया गया। जलदाय विभाग के कैलाश राव के अनुसार मंदिर के बाहर राहगीरों को मिल्करोज पिलाने की शुरुआत अधीक्षण अभियंता वृत धनपतराय सोनी की मौजूदगी में विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने की। इस अवसर मंदिर से जुड़े सेवादार व गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। निर्जला एकादशी पर पुर रोड स्थित जलदाय परिसर मंदिर पर ठंडाई पिलाते अधिकारी व कर्मचारी।