जालोर में 15 जून को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट:बुधवार को दिन का तापमान 41.6 डिग्री, लोगों को गमी से नहीं मिल रही राहत

जालोर में 15 जून को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट:बुधवार को दिन का तापमान 41.6 डिग्री, लोगों को गमी से नहीं मिल रही राहत
शहर समेत जिले भर में इन दिनों गर्मी परवान पर है। जिले भर में सूर्य देवता के तल्ख तेवरों के चलते पारे में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार को अधिकतम पारा 41.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन भर तेज गर्मी से जन जीवन प्रभावित हुआ। जालोर में 12 बजे तक दोपहर के समय में शहर की सड़कें आग उगलने लगी जिससे लोग घरों में ही दुबके रहे। शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही बहुत ही कम रही। बुधवार को दिन के तापमान में 0.2 डिग्री बढ़ोतरी होकर 41.6 डिग्री व रात के तापमान में 0.2 डिग्री गिरावट होकर 29.4 डिग्री दर्ज किया गया हैं। दिन में तेज गर्मी के आगे कूलर भी राहत नहीं दे पाए। तेज गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन व नगर परिषद के द्वारा शहर में अस्पताल चौराहा सहित जगह-जगह टेंट लगाकर छाया व पानी के कैम्पर रख कर ठंडे पानी की व्यवस्था की गई हैं। मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में 15 जून को मौसम का येलो अलर्ट जारी करते हुए बादलों की गर्जना के साथ झोकेदार तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने 15 जून को जिले में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा की आशंका है। और जिले में कई हल्की तो कई मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई हैं।