गंगाशहर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या:25 मई को युवक की हत्या कर शव चांदमल बाग के पास फैंका, साथियों पर है शक

बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक बिहारी युवक की हत्या कर दी गई है। तीन-चार दिन पुराना एक शव यहां मिला है, जिसकी शिनाख्त करने पर नंदन बिहारी के रूप में पहचान हुई है। शव को आवारा कुत्तों ने नौच डाला है। हत्या किसने और कब की ? इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। गंगाशहर थाने के सुजानदेसर गांव के पास ही चांदमल बाग है, इसी बाग के किनारे एक तरफ युवक का शव पड़ा मिला है। मंगलवार सुबह यहां से दुर्गंध आने के बाद आसपास लोगों ने अंदर जाकर देखा तो शव पड़ा मिला। इस बारे में गंगाशहर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौका मुआयना करने के बाद शव को पीबीएम अस्पताल भेजा। मृतक का शव यहां तीन-चार दिन से पड़ा है। शव को आवारा कुत्तों ने नोचना शुरू कर दिया था, जिसके बाद दुर्गंध आनी शुरू हो गई। मृतक की पहचान बिहारी युवक नंदन के रूप में हई है, जो करीब पच्चीस साल का है। ये इसी क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। युवक की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है कि हत्या कब हुई है? नंदन के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, जिसके बाद ही घटनाक्रम के बारे में पता चल सकता है। 25 मई को हुई हत्या गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार का कहना है कि नंदन की हत्या 25 मई को कर दी गई थी। उसके बाद शव को यहां लाकर फैंका गया। फिलहाल पुलिस को उसके कुछ साथियों पर शक है। जिनका पता लगाया जा रहा है। जल्दी ही पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। शरीर पर चोटों के निशान युवक के शरीर पर चोटों के निशान है। ऐसे में आशंका है कि लड़ाई झगड़े में मारने के बाद उसका शव यहां फैंका गया है? पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि शव लाने वालों का पता चल सके। अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।