कोटा में काव्य रत्न सम्मान समारोह:झालावाड़ के कवि शान्तेय समेत तीन साहित्यकारों को मिला 2100 रुपए का पुरस्कार

कोटा में काव्य रत्न सम्मान समारोह:झालावाड़ के कवि शान्तेय समेत तीन साहित्यकारों को मिला 2100 रुपए का पुरस्कार
कोटा के मोती महल होटल में रंगीतिका संस्था की ओर से आयोजित काव्य रत्न सम्मान समारोह में तीन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। झालावाड़ के कवि राजेन्द्र प्रसाद शान्तेय, कोटा की साहित्यकार डॉ. कृष्णा कुमारी और रंगकर्मी बृजराज को 2100 रुपए का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। शिक्षाविद् स्व. शिवप्रसाद शर्मा की स्मृति में आयोजित इस समारोह में संस्था की नई कार्यकारिणी का स्वागत भी किया गया। समारोह के अध्यक्ष साहित्यकार अतुल कनक ने कहा कि बुजुर्गों की स्मृति में आयोजित ऐसे कार्यक्रम सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को जीवित रखने में मदद करते हैं। विशिष्ट अतिथि जितेंद्र निर्मोही ने कहा कि झालावाड़ में मधुशाला की समृद्ध परंपरा है। उन्होंने आशा जताई कि यह समारोह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर का बन सकता है। सम्मानित कवि राजेन्द्र शान्तेय ने बताया कि वे 1982 से लगातार साहित्य लेखन कर रहे हैं। संस्था अध्यक्ष स्नेहलता शर्मा ने सभी का स्वागत किया और संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विजय जोशी, जगदीश सोनी जलजला, महेश पंचोली और रीता गुप्ता जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान कोशिकी शर्मा ने काव्य पाठ भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने मां सरस्वती और स्व. शिवप्रकाश की तस्वीर के सामने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मधुबाला ने मां वंदना की प्रस्तुति दी। संचालन कवियित्री गरिमा गर्वित राकेश ने किया। समारोह में हाड़ौती अंचल से बूंदी के साहित्यकार रामस्वरूप मूंदड़ा, कोटा के रघुराज सिंह कर्मयोगी, डॉ. वैदेही गौतम सहित साहित्यकार मौजूद रहे।