केशोरायपाटन में चंबल को 1551 फीट लंबी चुनरी ओढ़ाएंगे:सीएम शर्मा चंबल आरती में होंगे शामिल, 25 सजी नावों का होगा इस्तेमाल

केशोरायपाटन में चंबल को 1551 फीट लंबी चुनरी ओढ़ाएंगे:सीएम शर्मा चंबल आरती में होंगे शामिल, 25 सजी नावों का होगा इस्तेमाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार दोपहर बाद बूंदी जिले के केशोरायपाटन का दौरा करेंगे। वे जयपुर से हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। मार्ग में वे गोहाटा पंचायत में राम जल सेतु परियोजना के तहत निर्माणाधीन एक्वाडक्ट का हवाई निरीक्षण करेंगे। केशोरायपाटन पहुंचने पर मुख्यमंत्री भगवान केशोराय के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे चंबल आरती और चुनरी महोत्सव में हिस्सा लेंगे। चर्मणयवती के नाम से विख्यात चंबल नदी पर 1551 फीट लंबी चुनरी ओढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम के लिए 25 नावों को विशेष रूप से सजाया गया है। मुख्यमंत्री और अधिकारी इन्हीं नावों पर सवार होकर महोत्सव में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को लेकर जनता से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों की निरंतर निगरानी की जा रही है। प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर पिछले तीन दिनों से सभा स्थल और केशव घाट का निरीक्षण कर रहे हैं। देवस्थान विभाग के कमिश्नर वासुदेव भालावत और सहायक आयुक्त केके खंडेलवाल ने चंबल नदी घाटों पर होने वाले कार्यक्रम की व्यवस्थाएं देखीं। मुख्यमंत्री के दोपहर ढाई बजे तक केशोरायपाटन पहुंचने की संभावना है।