आयड़ पुलिया से सीधे सेवाश्रम का रास्ता खुला, डामरीकरण हुआ

आयड़ पुलिया के पास लेकसिटी मॉल के सामने से सुभाषनगर होकर सेवाश्रम जाने वाली राह आसान हो गई है। इस रास्ते के बीच आ रही करीब 200 फीट लंबी दीवार कुछ दिन पहले हटाई गई थी। अब यूडीए ने डामरीकरण कराकर रोड बना दी है। अब इस रास्ते पर चौपहिया वाहनों की आवाजाही भी आसानी से हो सकेगी। अभी इस दीवार के कारण रास्ता इतना संकरा था कि जाम के हालात बनते थे। शहर विधायक ताराचंद जैन ने बताया कि मार्ग की बाधा हटने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। अभी 15 से 20 मिनट लगते थे, अब 6 से 7 मिनट में तय होगी डेढ़ किमी दूरी लेकसिटी मॉल-सुभाषनगर मार्ग पर रोड बनने से अब चौपहिया वाहन लेकसिटी मॉल के सामने से सुभाषनगर होते हुए सेवाश्रम तक 1.5 किमी की दूरी 6-7 मिनट में तय कर सकेंगे। अभी यहां दीवार के कारण जाम से बचने के लिए लोग दुर्गा नर्सरी, कुम्हारों का भट्टा होते हुए सेवाश्रम पहुंचते थे। इसमें 15 से 20 मिनट लगते थे। आयड़ से धूलकोट-नई पुलिया होते हुए यह रास्ता तय करने में लगभग इतना ही समय लग रहा था। विधायक जैन ने यूडीए व राज्य सरकार को पत्र लिखकर इस मार्ग को चौड़ा करवाने की जरूरत बताई थी।