18 जगह पेड़ उखड़े, होर्डिंग-टेंट भी गिरे, घंटों बिजली गुल:नौतपा की धुलाई...शहर में तूफान-बारिश, डेढ़ घंटे में आधा इंच पानी और ओले भी गिरे

18 जगह पेड़ उखड़े, होर्डिंग-टेंट भी गिरे, घंटों बिजली गुल:नौतपा की धुलाई...शहर में तूफान-बारिश, डेढ़ घंटे में आधा इंच पानी और ओले भी गिरे
नौतपा के बीच शहर में बुधवार को मौसम ने अचानक पलटी खाई। दोपहर तक तेज धूप और उमस के बीच तूफान आया। फिर बारिश भी शुरू हो गई। कुछ जगह ओले भी गिरे। एक बार तो दिन में अंधेरे जैसा माहौल बन गया। तेज तूफान ने पेड़ गिरा दिए। हॉर्डिंग और बोर्ड आदि भी उखड़कर दूर जा गिरे। डेढ़ घंटे में ही करीब आधा इंच बारिश हुई। शहर में 9 दिन के भीतर मौसम ने दूसरी बार ऐसा रूप अख्तियार किया। इससे गर्मी से राहत मिली। शहर में दोपहर 2:40 बजे तूफान शुरू हुआ। इसके बाद बारिश भी शुरू हो गई। यह सिलसिला शाम 4:10 बजे तक चला। इसके बाद रात 10 बजे से फिर बारिश का दौर शुरू हुआ, जो रुक-रुककर रात डेढ़ बजे तक जारी रहा। तूफान के दौरान हवा की रफ्तार करीब 50 किमी प्रतिघंटा की रही। तेज हवा से शहर में कई जगह छोटे-बड़े पेड़ उखड़ गए। नगर निगम के पास 18 जगहों से इसकी सूचना पहुंची। कई होर्डिंग्स उखड़कर गिर पड़े। मौसम विभाग डबोक के अनुसार दोपहर 2:40 से शाम 6:30 बजे 15.6 मिमी यानी आधे से ज्यादा इंच बारिश दर्ज हुई। तेज हवा और बारिश के आते ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली बंद हो गई। ये रुकने के बाद भी कई इलाकों में बिजली सप्लाई बाधित रही। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में इससे पहले गत 19 मई को तेज तूफान आया था और भारी बारिश हुई थी। उस समय भी कई जगह पेड़ उखड़ गए थे। बिजली व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई थी। फतहसागर में नाव अटक गई थी। इसमें 34 पर्यटक सवार थे। ये करीब 2 घंटे तक खौफ के साए में रहे। बाद में आपदा राहत दल ने इन सभी को सुरक्षित बाहर निकाला था। इनमें बड़ी संख्या में महिला-बच्चे थे। कई जगह रास्ते अवरुद्ध हुए, निगम ने एक से डेढ़ घंटे में हटाए सभी पेड़ मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि बुधवार को शहर में बारिश के साथ आए तूफान से 18 जगह छोटे-बड़े पेड़ों के उखड़ने की शिकायत मिली। इस दौरान गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई मार्ग अवरुद्ध हो गए। पेड़ों को हटाने में आधे से एक घंटे तक का समय लगा। शहरवासी 24 घंटे तूफान व अन्य आपात स्थिति के समय अग्निशमन विभाग के अशोकनगर स्थित कंट्रोल रूम के टोल फ्री नम्बर 101 व फोन नंबर 0294-2414111 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी। तूफान-बारिश के बीच गई बिजली, ये थमे, इसके बावजूद भी नहीं लौटी तेज हवा और बारिश के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इनके थमने के बावजूद कई घंटों तक वापस नहीं लौटी। कई क्षेत्रों में बिजली 6 घंटे तक बंद रही। फतहपुरा, न्यू फतहपुरा, पंचवटी, सुखाड़िया सर्कल, मधुवन, बड़गांव, भुवाणा, चित्रकूट नगर, मीरा नगर, नीमचखेड़ा, रूपसागर, गांधीनगर, सवीना, तीतरड़ी, हिरणमगरी सेक्टर-3, सेक्टर-4, 5 व 6 सहित हिरणमगरी उपनगरीय क्षेत्र में दोपहर 2:45 से रात 11 बजे तक बिजली की आंखमिचौली चलती रही। रात को बारिश शुरू होने के दौरान भी इन इलाकों में बिजली को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन-रात का पारा गिराव, आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट शहर में हुई तेज बारिश का असर पारे पर भी दिखाई दिया। अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। यह 38.3 डिग्री के मुकाबले 38 रहा। यह औसत से 2.2 डिग्री कम रहा। मई माह का तय औसत 40.2 डिग्री है। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी गिरावट पर रहा। यह 1.5 डिग्री गिरकर 27.3 डिग्री दर्ज हुआ। यह औसत से 1.5 डिग्री अधिक है। इस काह का औसत 25.8 डिग्री तय है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार अगले दो दिन तक उदयपुर संभाग में तेज मेघ गर्जन के साथ तूफान और बारिश संभव है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।