11 दिन लगातार चलेंगे अनुष्ठान, सरयू नदी से लाए जल से होगा अभिषेक

खोले के हनुमानजी धाम में आराध्य श्रीरामजी का पाटोत्सव गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। इस 11 दिवसीय पाटोत्सव के दौरान वेदमाता, गंगामाता, अन्नपूर्णा माता मंदिर का पाटोत्सव भी मनाया जाएगा। सभी मंदिरों में लगातार 11 दिनों तक प्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा सुबह-शाम अपनी अपनी रचनाएं प्रस्तुत की जाएंगी और 11 दिनों तक नित नियम अभिषेक के अलावा सामूहिक सुंदरकांड के पाठ होंगे। श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा और महामंत्री ब्रजमोहन शर्मा ने मंगलवार को मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खोले के हनुमान के शिखर पर स्थित सियाराम जी एवं अन्य देवालयों का पाटोत्सव गुरुवार से शुरू होने जा रहा है जो 8 जून तक मनाया जाएगा। सियाराम जी का पाटोत्सव कल भक्तजनों, संत-महंतों की उपस्थिति में मनाया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। पहले दिन गुरुवार सुबह 6 बजे सियारामजी महाराज का 108 औषधि द्रव्यों, अयोध्या की सरयू नदी से लाए जल, फलों के रस, पंचामृत और दूध से मंत्रोच्चारण के साथ महाभिषेक किया जाएगा। सुबह 8 बजे वेद पाठ, दोपहर 1 बजे श्री वाल्मीकि रामायण का अखंड पारायण प्रारंभ होगा। 10 बजे षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, शृंगार, 11 बजे राजभोग, 11:30 बजे संतों-महंतों द्वारा विशेष उत्सव आरती होगी। दोपहर 12 बजे संतों-महंतों का सम्मान किया जाएगा। युवा सत्संग रामायण सेवा समिति के सत्यनारायण ठाकुरिया के संयोजन में दोपहर एक बजे सामूहिक सुंदरकांड पाठ, शाम 6:30 बजे गौरांग महाप्रभु सत्संग मंडल के राधामोहन नानूवाला के सान्निध्य में भजन-संकीर्तन एवं बधाई गायन की प्रस्तुति होगी।