राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट, श्रीगंगानगर में पारा 49.4°:देश के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री पार; दिल्ली-हिमाचल में 25 जून तक पहुंचेगा मानसून

मानसून के मुंबई-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुकने के कारण, दक्षिण भारत और पूर्वाेत्तर को छोड़कर सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 49.4° रिकॉर्ड किया गया। लगातार छठे दिन श्रीगंगानगर देश में सबसे गर्म शहर रहा। उधर, भीषण गर्मी के चलते उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में छुट्टियां 15 दिन बढ़ा दी गई हैं। अब स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे। पूर्वी राजस्थान, जम्मू संभाग, हरियाणा और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू चली। देश के 22 शहरों में पारा 44 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मानसून के 25 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में पहुंचने की उम्मीद है। IMD के मुताबिक 22-23 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 1 जून तक केरल में दस्तक देता है, 11 जून तक मुंबई पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। मानसून 25 जून तक दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत पहुंचेगा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस हफ्ते रफ्तार पकड़ी है। अनुमान है कि मानसून 25 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा। केरल में 24 मई को मानसून पहुंचा था। यह अपने तय समय से 8 दिन पहले पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब मानसून इतनी जल्दी आया है। 2009 में मानसून 9 दिन पहले पहुंचा था। वहीं, पिछले साल 30 मई को दस्तक थी। राज्यों में मौसम की तस्वीरें... राज्यों के मौसम का हाल... मध्य प्रदेश: 15-16 जून को भारी बारिश का अलर्ट, ग्वालियर समेत 12 जिलों में आज लू चलेगी मध्यप्रदेश में 15 और 16 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिणी हिस्से के पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, खंडवा में 24 घंटे में ढाई से 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है। इसी दौरान मानसून भी प्रदेश में एंटर हो जाएगा। शुक्रवार को उज्जैन, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के 12 जिलों में लू का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें... राजस्थान: 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 22 जिलों में लू की भी चेतावनी; कल से प्री-मानसून बरसात होगी राजस्थान में 14-15 जून से प्री-मानसून की बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। कोटा, उदयपुर संभाग से बारिश का दौर शुरू होगा, जो 20 जून तक बढ़ते-बढ़ते जयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया को कवर करेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 22 जिलों में लूट चलने की चेतावनी है। वहीं, 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें... बिहार: अगले 48 घंटे हीटवेव से राहत नहीं, आज 17 जिलों में यलो अलर्ट; पटना में 8वीं तक के स्कूलों का टाइमिंग बदली बिहार के लोगों को अगले 48 घंटे हीटवेव और उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। प्रदेश के 17 जिलों में शुक्रवार को भी हीटवेव का यलो अलर्ट है। वहीं, राज्य के 6 जिलों में आज बारिश की संभावना है। तेज हवा चल सकती है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना में तेज धूप रहेगी। पूरी खबर पढ़ें... उत्तर प्रदेश: 12 शहरों में बारिश, फर्रुखाबाद में तूफान, पीलीभीत में मंडी से सब्जियां बहीं यूपी में भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम बदल गया। गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, फर्रुखाबाद, अमरोहा, बस्ती, बलिया और बिजनौर समेत 12 शहरों में जोरदार बारिश हुई। लखीमपुर में इतनी तेज बारिश हुई कि सड़कों पर पानी भर गया। फर्रुखाबाद में तेज हवा के साथ बारिश हुई। पीलीभीत में 4 घंटे तक लगातार बारिश हुई। मंडी में रखी सब्जियां बह गईं। मुरादाबाद में भी हल्की बारिश हुई है। पूरी खबर पढ़ें... छत्तीसगढ़: रायपुर-दुर्ग समेत 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, धमतरी-महासमुंद में 50 किमी रहेगी हवा की रफ्तार छत्तीसगढ़ में आज मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। तापमान सामान्य से कम रहेगा। मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। 14 जून यानी कल से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें... हरियाणा: 4 जिलों में बारिश, हिसार और फतेहाबाद में ओले गिरे, 5 जगह धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट जारी हरियाणा में आज अचानक दोपहर बाद मौसम बदल गया। भिवानी, सिरसा के भावदीन और फतेहाबाद में बारिश हुई। हिसार में बरवाला के गांव किरोड़ी और फतेहाबाद के भूथन गांव में जोरदार बारिश के साथ ओले भी गिरे। नारनौल में आंधी चल रही है। चरखी दादरी में बादल छाए हैं। आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। झज्जर में तेज हवाएं चल रही हैं। पूरी खबर पढ़ें... पंजाब: 8 जिलों में लू का अलर्ट, तापमान 46 डिग्री पार, कल से आंधी-बारिश की संभावना पंजाब में अगले दो दिन तक भीषण गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने आज भी हीटवेव (लू) का रेड अलर्ट जारी किया है। आज से एक पश्चिमी विक्षोभ (मौसम बदलने वाला सिस्टम) सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है। हालांकि पिछले 24 घंटे में तापमान में सिर्फ 0.1 डिग्री की कमी आई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। पूरी खबर पढ़ें...