बाइक समेत 90 फीट गहरे कुएं में गिरा किशोर, मौत:कबड्डी खेलने आया था, दोस्तों के साथ खाना खाने जाते समय हुआ हादसा

बाइक समेत 90 फीट गहरे कुएं में गिरा किशोर, मौत:कबड्डी खेलने आया था, दोस्तों के साथ खाना खाने जाते समय हुआ हादसा
दौसा में एक किशोर बाइक समेत 90 फीट गहरे कुएं में गिर गया। किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। किशोर अपने दोस्तों के साथ नीमला में कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया था। हादसा बसवा थाना क्षेत्र के गोमलाडू की ढाणी के पास शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ। थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि नीमला में कबड्डी प्रतियोगिता चल रही है। अलवर के बघेरी कला निवासी नवीन गुर्जर (16) अपने दोस्तों के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आया था। दोस्तों ने ढूंढा तो कुएं ​में मिला शनिवार रात को नवीन अपने चार-पांच दोस्तों के साथ अलवर-सिकंदरा मेगा हाईवे पर खाना खाने जा रहा था। नवीन के 4 दोस्त 2 अलग-अलग बाइक पर सवार थे और नवीन अकेला बाइक पर जा रहा था। इस दौरान गोमलाड़ू की ढाणी के पास सड़क किनारे बने 90 फीट गहरे कुएं में वो बाइक समेत गिर गया। नवीन के दोस्त आगे निकल गए। काफी देर तक नवीन के नहीं पहुंचने पर दोस्त उसे ढूंढने लौटे। तब उन्हें नवीन कुएं में मिला। इसी कुएं में 2 युवक पहले भी गिर चुके रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बसवा पुलिस मौके पर पहुंची। कॉन्स्टेबल धारा सिंह को रस्सी की मदद से कुएं में उतारा गया। कुएं में नवीन को रस्सी के बांधकर बाहर निकाला गया और बसवा राजकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार ये कुआं लंबे समय से खुला पड़ा है। तीन साल पहले भी इसमें 2 युवक गिर गए थे। इसके बावजूद कुएं को बंद नहीं किया गया।