प्रेरणा समर कैम्प शुरू, बच्चों को आत्मज्ञान की सीख दी

प्रेरणा समर कैम्प शुरू, बच्चों को आत्मज्ञान की सीख दी
भास्कर न्यूज | जालोर जालोर सेवा केंद्र में बाल व्यक्तित्व विकास समर कैंप 'प्रेरणा' की शुरुआत हुई। यह पांच दिवसीय कैंप बच्चों को शिक्षा और प्रेरणा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। हर दिन अलग-अलग गतिविधियों के जरिए बच्चों का मार्गदर्शन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रंजू दीदी ने आत्मा और शरीर के अंतर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शरीर पांच भौतिक तत्वों से बना है। आत्मा भौतिक नहीं होती। आत्मा में ज्ञान, गुण, आनंद, प्रेम, पवित्रता, सुख और शांति जैसे सात गुण होते हैं। आत्मा ही अच्छे-बुरे संस्कारों को धारण करती है। पचपदरा सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अस्मिता दीदी ने खेलों के माध्यम से बच्चों को कैंप के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैंप में कहानी वाचन, ड्राइंग, निबंध, डांस और अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। मुख्य अतिथि बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता गोपाराम ने कहा कि यह कैंप बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। विशेष अतिथि उच्च माध्यमिक विद्यालय सरदारगढ़ के प्रधानाचार्य सरदार सिंह चारण ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों की ओर से निशुल्क शिविर की सराहना की। सेवानिवृत्त सीएमएचओ डॉक्टर डीसी पुंसल ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बच्चों को हर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कुमारी आराध्या और शगुन चौधरी ने नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। रंजू दीदी ने सभी का स्वागत किया और आभार जताया। 5 दिनी कैंप का संयोजन बीके अस्मिता बहन बालोतरा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके शिल्पा बहन, बीके शिवानी बहन, बीके कांता बहन, बीके पुष्पा बेन, बीके नितेश कुमार, बीके अश्विन कुमार और बीके ओम भाई ने सहयोग दिया।