दूनी तालाब में डूबने से युवक की मौत:मुंडन संस्कार के लिए परिवार के साथ नहाते समय डूबा

दूनी तालाब में डूबने से युवक की मौत:मुंडन संस्कार के लिए परिवार के साथ नहाते समय डूबा
दूनी तालाब में शनिवार को नहाते समय 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक को करीब 15-20 मिनट में तलाश कर बहार निकाला और अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मुंडन संस्कार के लिए आए उसके रिश्तेदार और परिजनों की खुशियां मातम में बदल गईं। दूनी थान के एएसआई उदयलाल ने बताया कि बूंदी जिले के नैनवा थाना क्षेत्र के खानपुरा निवासी दिलखुश (2 पुत्र कान्हा माली के ताऊ जी के लड़के व लड़की का शनिवार को दूणजा माता मंदिर में मुंडन संस्कार होना था। इसको लेकर दिलखुश व उसके परिजन शुक्रवार की रात को ही माता जी के मंदिर पहुंच गए थे। शुक्रवार की रात को मंदिर में परिवार जनों ने जागरण किया था। शनिवार को 10 बजे बहन-भाई का मुंडन होना था, महिलाएं मांगलिक गीत गा रही थीं। अन्य परिवार जन रसोई बनाने की तैयारी में जुटे हुए थे। दिलखुश अपने परिवार के लड़कों के साथ तालाब में नहाने गया था। वह काफी देर तक तालाब से बाहर नहीं निकला तो उसके साथ नहा रहे साथी चिल्लाए। उसके बाद परिजन और अन्य लोग भागकर गए तो पूरा मामला सामने आया। फिर लोगों ने उसे तलाश कर 15-20 मिनट में बाहर निकाला, लेकिन तक तक उसकी सांसे थम गई। मृतक दो भाई व एक बहन है: परिवारजनों ने बताया कि मृतक के एक बड़ी बहन व एक छोटा भाई है। वे भी मुंडन संस्कार कार्यक्रम में आए थे। बीती रात को ज्यादातर लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से आए थे। मृतक के पिता मजदूरी करते है। उनके परिवार में दूणजा माता की आस्था है। उनके परिवार प्रतिवर्ष सर्दी के दिनों में माता के दरबार में हाजिरी देने आते हैं लेकिन इस वर्ष मुंडन संस्कार का मुहूर्त मई में होने के कारण गोठ का कार्यक्रम था। रसोई की तैयारी चल रही थी, कि इस अनहोनी से परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। मुंडन संस्कार होने के कारण वह करीब 500 लोगों का प्रसादी थी, सब धरी रह गई। इसकी सूचना मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल पाराशर व समाज सेवी बाबूलाल राजोरा, ओम प्रकाश चौधरी भी मौके पर पहुंचे। इन्होंने पुलिस को अवगत कराया। उसके बाद पुलिस और देवली एसडीएम को घटना की जानकारी दी। फिर सूचना एएसआई उदयलाल, हैड कांस्टेबल राजेश कुमार, गिरदावर राधेश्याम मीणा भी मौके पर पहुंचे। इनपुट: विनोद शर्मा, दूनी।