कल से 3 दिन तक होगी आनासागर झील की सफाई:वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत निकालेंगे मिट्टी

कल से 3 दिन तक होगी आनासागर झील की सफाई:वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत निकालेंगे मिट्टी
केंद्र में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आनासागर झील की सफाई की जाएगी। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि इस अभियान के तहत पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई और संवर्धन किया जा रहा है। इसके तहत 13 से 15 जून तक आनासागर झील के किनारों पर सफाई करने के साथ ही झील के किनारों पर जमा मिट्टी को भी निकाला जाएगा ताकि इसकी भराव क्षमता बढ़े। अभियान की शुरुआत 13 जून को सुबह 6:30 बजे जी मॉल के पीछे वैशाली नगर चौपाटी से की जाएगी। यह अभिवान सकल राष्ट्रभक्त अजमेर के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है। अभियान में शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। झील की सफाई और मिट्टी निकालने के कार्य के दौरान उपयोग में आने वाली मशीनरी उपकरण इत्यादि उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन से आग्रह किया गया है। सोनी ने कहा कि वह शहर की आम जनता से भी अपील करेंगे कि वह इस अभियान में शामिल हों। उन्होंने कहा कि आनासागर अजमेर की ऐतिहासिक झील है। इसकी सफाई और संवर्धन में सभी शहर वासियों का सहयोग अपेक्षित है। अन्य जलस्रोतों का भी होगा जीर्णोद्धार सोनी ने कहा गत 5 जून से शुरू हुआ वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 15 जून तक चलेगा। आनासागर झील के अतिरिक्त शहर के अन्य कुएं, बावड़ियों की सफाई व संवर्धन के लिए उन्हें पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें डिग्गी तालाब, लाखा बावड़ी, आदर्श नगर में चौहान का कुआं सहित अनेक स्थान शामिल हैं। वह इस सम्बंध में जल्द ही जिला कलक्टर से मुलाकात करेंगे। प्रशासन व कार्यकर्ताओं के सहयोग से 15 जुलाई से पारम्परिक जल स्रोतों का क्रमवार जीर्णोद्धार कराया जाएगा।