एनवायरमेंट रैली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश:पौधारोपण किया, कपड़े के थैले और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी किताबें बांटीं

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना" की थीम पर आज सवाई माधोपुर में “रन फॉर एनवायरनमेंट” रैली आयोजित की गई। यह रैली जिला प्रशासन, जिला पर्यावरण समिति एवं राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। रैली जिला कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर पुलिस लाइन मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश “रन फॉर एनवायरनमेंट” रैली को जिला कलेक्टर शुभम चौधरी एंव SP ममता गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस लाइन मैदान पहुंची। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। रैली के बाद पुलिस लाइन मैदान परिसर में एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं इस दौरान पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में कपड़े के थैलों एवं पर्यावरण संरक्षण पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। साथ ही परिंडे भी बांधे गए। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर शुभम चौधरी, एसपी ममता गुप्ता, रणथम्भौर के फील्ड डायरेक्टर अनूप के आर, डीएफओ रामानंद भाकर आदि ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगो को जागरूक किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण जीवन के लिए कितना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिएं। साथ ही प्लास्टिक व पॉलीथिन के दुष्परिणाम बताते हुए कपड़े के थैले काम में लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण दूषित होने से लगातर तापमान बढ़ने के साथ ही कई तरह की समस्याएं भी बढ़ रही है, पर्यावरण को दूषित होने से बचाने की हम सब की जिम्मेदारी है। पर्यावरण शुद्ध रहेगा तभी जीवन खुशहाल रहेगा।