संघ प्रमुख मोहन भागवत नागौर से रवाना:4 बार स्वयंसेवकों को पढ़ाया भारतीयता का पाठ, मंडोर एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत 3 दिन के प्रवास के बाद आज नागौर से रवाना हो गए। नागौर में भागवत कार्यकर्त्ता विकास वर्ग-प्रथम में शिरकत करने पहुंचे थे। मोहन भागवत ने यहां 3 दिन के प्रवास के दौरान स्वयंसेवकों को 4 बार संबोधित किया। उन्हें संघ की रीति-नीतियों के बारे में जानकारी दी। संघ प्रमुख 25 मई की शाम को नागौर पहुंचे थे। नागौर स्थित शारदा बाल निकेतन 17 मई से 6 जून कार्यकर्त्ता विकास वर्ग-प्रथम चल रहा है। आज शाम करीब साढ़े 6 बजे संघ प्रमुख मोहन भागवत कड़ी सुरक्षा के बीच नागौर स्थित स्कूल से रवाना होकर मेड़ता पहुंचे। मेड़ता में बाबा नगर स्थित एक निजी आवास पर भागवत ने कुछ समय बिताया और इसके बाद मंडोर एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जेड प्लस सिक्योरिटी होने के चलते भागवत का विशेष ख्याल रखा गया। नागौर एसपी व एडीएम भी भागवत की सुरक्षा में रहे। इससे पहले स्वयंसेवकाें को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि पंच परिवर्तन कार्यक्रम को सुचारू रूप से लागू कर समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण व संवर्द्धन, सामाजिक समरसता, स्व का बोध अर्थात स्वदेशी व कुटुंब प्रबोधन शामिल है। ‘नागरिक कर्तव्य बोध’ अर्थात कानून की पालना से राष्ट्र समृद्ध व उन्नत होगा। यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। स्वदेसी से तात्पर्य घर में भाषा, भूषा, भोजन, भजन, भ्रमण यह अपना होना चाहिए। इससे अपनी भाषा, खान-पान, पहनावा, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और खुद पर गर्व की अनुभूति होगी।